सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा त्वरित कैशलैस उपचार
“पीएम राहत” योजना का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू
मंडला, 25 फरवरी 2026
सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने एवं जनहानि को कम करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से संचालित “पीएम राहत” कैशलैस उपचार योजना का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को योजना के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध पुलिस सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।
योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा ट्रीटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से सड़क दुर्घटना से संबंधित प्रकरण तैयार कर उन्हें पुलिस सत्यापन के लिए ईडीएआर पोर्टल के माध्यम से संबंधित थाना क्षेत्र को भेजा जा रहा है। निर्देशित किया गया है कि दुर्घटना स्थल जिस थाना क्षेत्र में आता है, वहां की पुलिस द्वारा 24 से 48 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से सत्यापन किया जाए, जिससे घायल व्यक्तियों के उपचार में किसी प्रकार की देरी न हो।
यदि दुर्घटना स्थल अन्य जिले से संबंधित पाया जाता है, तो प्रकरण को 3 घंटे के भीतर संबंधित जिले को अग्रेषित करना सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्तर पर नामित अधिकारी द्वारा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा लंबित प्रकरणों की सतत समीक्षा की जा रही है।
मंडला पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पुलिस सत्यापन में विलंब के कारण किसी भी सड़क दुर्घटना पीड़ित को उपचार से वंचित न होना पड़े। योजना की प्रगति की निगरानी रीयल टाइम डैशबोर्ड के माध्यम से उच्च स्तर पर की जा रही है। सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाने में सहयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनें।
मंडला से दीप्ति कौर के साथ कीर्ति माला की रिपोर्ट
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com