Breaking News

सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को जागृत करने वाला व्यापक जनअभियान- राहुल कोठारी*

*सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को जागृत करने वाला व्यापक जनअभियान*
*- राहुल कोठारी*

भोपाल, से राधावल्लभ शारदा द्वारा संपादित रपट

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक श्री राहुल कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के निरंतर जनसेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवा मोर्चा द्वारा आयोजित ‘वडनगर से वाराणसी एवं वाराणसी से वडनगर जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ का मध्यप्रदेश में सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को जागृत करने वाला व्यापक जनअभियान बनी। 18 सितंबर से 5 अक्टूबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए यात्रा ने गांव-गांव तक पहुंचकर युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ा। यात्रा के कारण पूरे प्रदेश में सेवा का उत्साहपूर्ण वातावरण बना और अनेक स्थानों पर नागरिकों ने स्वेच्छा से सेवा गतिविधियों में सहभागिता कर इसे जनभागीदारी का स्वरूप दिया। यात्रा के दौरान हजारों युवा सेवा यात्रियों, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने रक्तदान, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, सेवा वाटिका, जल संरक्षण, नदी एवं तालाबों की सफाई, गौसेवा, स्वास्थ्य शिविर, सफाई मित्रों का सम्मान, दिव्यांगजनों का सम्मान एवं उपकरण वितरण, विद्यार्थियों से संवाद, लाभार्थी संवाद, पोषण किट वितरण, जरूरतमंदों को खाद्यान्न सामग्री, नशामुक्ति एवं जनजागरूकता सहित अनेक सेवा गतिविधियों में सहभागिता की।
*17 हजार किलोमीटर की यात्रा, 53 जिलों में 700 से अधिक सेवा कार्य हुए*
भाजपा के प्रदेश महामंत्री व सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक श्री राहुल कोठारी ने कहा कि 18 सितंबर से 5 अक्टूबर तक मध्यप्रदेश में यात्रा ने लगभग 17 हजार किलोमीटर की दूरी तय की। 14 मार्गों से निकली इस यात्रा के दौरान 393 पड़ाव बनाए गए, जिनमें 139 रात्रि विश्राम तथा 254 अन्य पड़ाव शामिल रहे। यात्रा प्रदेश के 53 जिलों से होकर गुजरी और इस दौरान 700 से अधिक सेवा एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना नहीं था, बल्कि गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचकर लोगों को सेवा, सामाजिक सरोकार, जल संरक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण और जनभागीदारी से जोड़ना था। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर स्थानीय नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर विभिन्न सेवा गतिविधियों में सहभागिता की। प्रदेश में निर्धारित विभिन्न मार्गों के माध्यम से सभी अंचलों को जोड़ते हुए स्थानीय स्तर पर सेवा कार्यों को गति देने का प्रयास किया गया।
*सेवा कार्यों के माध्यम से गांव-गांव पहुंचा जनसरोकार का संदेश, जिलों में दिखा सेवा का उत्साह*
भाजपा के प्रदेश महामंत्री व सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक श्री राहुल कोठारी ने कहा कि यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह रहा कि सेवा यात्रियों ने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों, किसानों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, लाभार्थियों, सफाई मित्रों और समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा संवाद किया। सेवा कार्यों के साथ जनसंवाद को जोड़कर युवाओं को समाज की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और उनके बीच जाकर सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई। अनेक स्थानों पर पौधारोपण, नदी-तालाबों की सफाई और जल संरक्षण के कार्य किए गए। इससे समाज के बीच यह संदेश गया कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा भी जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यात्रा जिस भी जिले से होकर गुजरी, वहां कार्यकर्ताओं और नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। देवास में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा में शामिल होकर सेवा यात्रियों का उत्साहवर्धन किया और पौधारोपण किया। हरदा एवं बैतूल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने सेवा यात्रियों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संकुल संयोजक एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा तथा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने सेवा गतिविधियों में सहभागिता की। इसी प्रकार प्रदेश के अनेक जिलों में मध्यप्रदेश शासन के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और नागरिक सेवा गतिविधियों से जुड़े। यात्रा ने मध्यप्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों, भाषाओं, संस्कृतियों और सामाजिक परिवेश को सेवा के एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया। जहां यात्रा पहुंची, वहां सेवा गतिविधियों के साथ संवाद और सहभागिता का वातावरण बना। इससे यह स्पष्ट हुआ कि मध्यप्रदेश का युवा समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
*यात्रा का समापन हुआ है, लेकिन सेवा का संकल्प समाप्त नहीं हुआ*
भाजपा के प्रदेश महामंत्री व सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक श्री राहुल कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सेवाभावी सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सेवा को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लेना ही इस यात्रा का मूल उद्देश्य है। यात्रा के माध्यम से यह संदेश प्रभावी रूप से पहुंचा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जब समाज, कार्यकर्ता और युवा शक्ति मिलकर सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ते हैं, तो सेवा का कार्य जनअभियान का रूप ले लेता है। ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ ने मध्यप्रदेश में इसी भावना को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में यात्रा का समापन सेवा के संकल्प का अंत नहीं, बल्कि इसे निरंतर समाज के बीच आगे बढ़ाने की शुरुआत है। युवा शक्ति सेवा, सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के भाव के साथ आगे बढ़े, इसी संकल्प के साथ ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ ने मध्यप्रदेश में अपनी प्रभावी और प्रेरणादायी यात्रा पूर्ण की है।

About Mahadand News

Check Also

छै बातें – पानी, बिजली, सड़कें और आवास के साथ मुफ्त इलाज और बेहतर शिक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी- ऊर्जा मंत्री तोमर 

छै बातें – पानी, बिजली, सड़कें और आवास के साथ मुफ्त इलाज और बेहतर शिक्षा …