मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश विकास, जनजातीय कल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है*
*- हेमंत खण्डेलवाल*
बैतूल/भोपाल, से राधावल्लभ शारदा द्वारा संपादित रपट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल जिले के बैतूल विधानसभा के ग्राम बडोरा स्थित सूर्यवंशी ढोलेवार कुन्बी समाज मंगल भवन में लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ बैतूल पुलिस ग्राउंड में आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरित कर विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण कर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सच्चा वादा-पक्का काम‘ के सूत्रवाक्य के साथ प्रदेश में विकास और जनहितैषी कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में गरीब, किसान, युवा और नारियों के कल्याण के लिए अनेकों कार्य हो रहे हैं। बीते शुक्रवार को ही किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की राशि की सौगात मिली है। प्रदेश के किसानों को पर्याप्त बिजली और सिंचाई की सुविधाएं मिल रही हैं। आज बैतूल में चार जिलों के 3.69 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि मिली है। यह दक्षिण बैतूल, पश्चिम बैतूल, उत्तर बैतूल, पांढुर्णा (दक्षिण छिंदवाड़ा), पूर्व छिंदवाड़ा, पश्चिम छिंदवाड़ा एवं नर्मदापुरम वन मंडल के तेंदूपत्ता संग्राहकों के अथक परिश्रम के सम्मान और उनके वाजिब हक की राशि है। प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहकों को अब तक 80 करोड़ रुपए से अधिक राशि दी गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास, जनजातीय कल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक 3 हजार से बढ़ाकर चार हजार रूपए प्रति मानक बोरा करना मध्यप्रदेश सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण है। कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने भी संबोधित किया।
*बैतूल अद्भुत वन संपदा और नैसर्गिक सौन्दर्य के मामले में अतुलनीय – डॉ. मोहन यादव*
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय नायकों का स्मरण करते हुए कहा कि अद्भुत वन सम्पदा और नैसर्गिक सौन्दर्य के मामले में बैतूल जिला अतुलनीय है। बैतूल जिले के समग्र विकास को और गति देने के लिए जिलेवासियों को इसी जगह पर 443 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की अनुपम सौगात मिली है। प्रदेशभर में बन रहे सांदीपनि विद्यालय बेहतर और गुणवत्तायुक्त शिक्षा का मॉडल बन चुके हैं। बैतूल में जनजातीय बेटियों के लिए 50 करोड़ की लागत से कन्या शिक्षा परिसर और छात्रावास का भूमि-पूजन किया गया है। राज्य सरकार मेधावी योजना के अंतर्गत बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाले बच्चों को 25 हजार रुपए के लैपटॉप और कक्षा 12वीं के स्कूल टॉपर्स को स्कूटी प्रदान कर रही है। हमारी सरकार विद्यार्थियों के स्वर्णिम भविष्य के लिए किताबें, साइकिल, गणवेश और छात्रवृत्ति हर तरीके से मदद कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे और युवा मध्यप्रदेश का भविष्य हैं, उनके लिए भविष्य में पर्याप्त रोजगार उपलब्ध हों, इसके लिए प्रदेशभर में उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं। हमारे बच्चे पढ़-लिखकर नौकरी मांगने की बजाय रोजगार देने वाले बनें, इसके लिए उन्हें कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राज्य सरकार ने अब तक 85 हजार शासकीय पदों पर युवाओं को नियुक्ति दी है। अब एक लाख नए पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया जारी है। पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की गई है। प्रदेश के 1 लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। हमारी सरकार सबका साथ-सबका विकास की भावना से काम कर रही है। दीपावली से पहले हमने राज्य कर्मचारियों को 2 प्रतिशत मंहगाई भत्ता (डीए) की सौगात भी दी है।
*बैतूल में 70 करोड़ रुपए की लागत से चार जलाशयों का निर्माण होगा*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बैतूल के कुकरू खामला का सौंदर्य दर्शनीय है। यहां 15 करोड़ रुपए की लागत से पर्यटन सुविधाओं को विस्तार दिया जा रहा है। यहां कॉफी के बागान लगाए जाएंगे। बैतूल-मुलताई में 24 करोड़ के नए कारखाने लगाए जाएंगे। भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती के अवसर प्रदेशभर में 15 नवंबर से 17 नवंबर तक तीन दिन उत्सव मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नल जल योजना के कार्यों के लिए 50 करोड़ राशि दी जाएगी। बैतूल में 15 करोड़ रुपए की लागत से गीता भवन और हाट बाजार बनेगा। सड़क चौड़ीकरण के लिए 47 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। बैतूल में 70 करोड़ रुपए की लागत से चार जलाशयों का निर्माण किया जाएगा। 154 करोड़ की लागत से रामघाटी मध्यम सिंचाई परियोजना विकसित की जाएगी। घोड़ा डोंगरी में बैराज और जलाशय बनाएं जाएंगे। बैतूल के शासकीय हाईस्कूलों में 50 करोड़ की लागत से सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। 100 करोड़ रुपए से अधिक लागत से फुटबॉल टर्फ, इनडोर और आउटडोर स्टेडियम बनाएं जाएंगे। इसके साथ ही बैतूल में जनजातीय संग्रहालय बनाया जाएगा। प्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट में 7 करोड़ की लागत से सफारी गेट का निर्माण किया जाएगा। ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व फॉरेस्ट के पास 3 करोड़ की लागत से बटर फ्लाई पार्क विकसित किया जाएगा।
*जनजातीय बंधु गौपालन कर दूध उत्पादन बढ़ाकर अपनी आमदनी बढ़ाएं*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने गोवर्धन पूजा पर वृंदावन गांवों में अच्छे पशुधन की प्रतियोगिताएं आयोजित करने और पशुपालकों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। हमारे किसान एवं सभी जनजातीय बंधु गौपालन करें और दूध उत्पादन बढ़ाकर अपनी आमदनी बढ़ाएं। राज्य सरकार कोदो-कुटकी सहित सभी प्रकार के मोटे अनाजों (श्रीअन्न) के उत्पादन को प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने कहा कि मजरे-टोले-दूरस्थ गांवों में रहने वाले जनजातीय भाई-बहनों को भी अब बेहतर सड़कों और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना की श्सुगम बसोंश् की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सम्पत्तियों की निःशुल्क रजिस्ट्री कराई जा रही है। जनजातीय वर्ग के हमारे सभी किसान भाइयों को सम्मान से जीने का हक मिले, इसके लिए हम लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा, नारी और जनजातीय सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए समान रूप से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली और गोवर्धनपूजा की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
*भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है – हेमंत खण्डेलवाल*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार जनकल्याण, जनजातीय उत्थान और क्षेत्रीय विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। बैतूल में आयोजित तेंदूपत्ता बोनस वितरण एवं विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन का कार्यक्रम इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। बैतूल की जनजातीय गौरवशाली धरती से लगभग 3 लाख 59 हजार तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की बोनस राशि का अंतरण किया गया। साथ ही लगभग 450 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन हुआ है। यह केवल विकास कार्यों का शुभारंभ नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक को 3 हजार रुपये प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 4 हजार रुपये प्रति मानक बोरा करने से जनजातीय और वनवासी परिवारों की आय में वृद्धि हुई है। तेंदूपत्ता संग्राहक हमारे जंगलों के संरक्षण के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। सरकार द्वारा उनके परिश्रम का सम्मान और उचित पारिश्रमिक सुनिश्चित करना संवेदनशील नेतृत्व का परिचायक है।
*जनजातीय समाज के सम्माान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के कार्य किए जा रहे*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। पीएम जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तथा भगवान बिरसा मुंडा की गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयासों से जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। हमारी आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति, परंपराओं, रीति-रिवाजों और गौरवशाली इतिहास से परिचित रहें, इसके लिए जनजातीय संग्रहालय की स्थापना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बैतूल में औद्योगिक विकास को भी नई दिशा मिल रही है। लगभग एक हजार एकड़ वनरहित भूमि पर औद्योगिक हब विकसित करने की दिशा में सरकार का सहयोग क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। इससे बैतूल कृषि, उद्योग, पर्यटन और जनजातीय विकास के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सकेगा। हमें विश्वास है कि राज्य सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से बैतूल आने वाले समय में कृषि, उद्योग, पर्यटन और जनजातीय उत्थान के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
*जनजातीय भाई-बहनों के परिश्रम से बैतूल जिले की पहचान बनी – श्री दुर्गादास उइके*
केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने कहा कि जनजातीय भाई-बहनों के परिश्रम से ही बैतूल जिले की पहचान बनी है। जनजातीय संस्कृति, परम्पराओं और रीति-रिवाज को संरक्षित करने के लिए भव्य जनजातीय संग्रहालय (ट्रायबल म्यूजियम) तैयार करने की आवश्यकता है। केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। पीएम जन-मन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान चलाया जा रहा है। आगामी 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, सांसद श्रीमती माया नारोलिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा, जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर, विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा, श्री योगेश पंडाग्रे, श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उइके, जिला अध्यक्ष श्री सुधाकर पंवार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com