कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हासिल नहीं कर पा रही, इसलिए अराजकता फैला रही- डॉ. मोहन यादव*
इंदौर से महादण्ड संवाददाता की रपट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से सत्ता हासिल करने में विफल हो रही है, इसलिए अब वह लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को बदनाम करने और देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल भारत में बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। वे चुनी हुई सरकारों, लोकतांत्रिक व्यवस्था और स्वायत्त संस्थाओं को चुनौती दे रहे हैं। देश की जनता उनकी इस राजनीति का जवाब देगी। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश को बदहाली की ओर धकेला था। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक स्तर पर मान-सम्मान बढ़ा है। देश में प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए लगातार काम हुआ है। आज भारत वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर राजनीति कर रहे हैं। चुनाव में जनता का समर्थन नहीं मिलने पर वे लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं और झूठे आरोप लगाकर देश में अविश्वास तथा अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास करते हैं। भाजपा का इतिहास संघर्ष, संगठन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का इतिहास है। जनसंघ की स्थापना से लेकर भाजपा को लंबे समय तक विपक्ष में रहना पड़ा। पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने भी दशकों तक विपक्ष में रहकर देश और लोकतंत्र की सेवा की, लेकिन कभी सत्ता प्राप्त करने के लिए देश में अराजकता फैलाने का रास्ता नहीं अपनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता से बाहर हुए अभी कुछ ही समय हुआ है और वह लोकतांत्रिक तरीके से जनसमर्थन हासिल करने के बजाय सरकार पर अनर्गल आरोप लगाने और व्यवस्था को बदनाम करने में जुट गई है। विपक्ष की भूमिका सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना है, लेकिन लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास करना उचित नहीं है।
*लोकतंत्र की मजबूती के लिए निर्वाचन आयोग और सर्वोच्च न्यायालय की गरिमा बनाए रखना आवश्यक*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के लिए अपनी भावनाएं व्यक्त करने का दिन है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए निर्वाचन आयोग और सर्वोच्च न्यायालय की गरिमा बनाए रखना आवष्यक है। इंदौर की सड़कों पर उमड़ा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की अराजक और नकारात्मक राजनीति को स्वीकार करने वाली नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती ताकत का पूरी दुनिया सम्मान कर रही है, तब कांग्रेस के नेता देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं। कांग्रेस की राजनीति देश की प्रगति और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। आज जनता का समर्थन कांग्रेस की इसी राजनीति के विरुद्ध स्पष्ट संदेश है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि पहुंचा रही है। मध्यप्रदेश में भी किसानों, लाड़ली बहनों, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। भाजपा की सरकार विकास, जनकल्याण और सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। कांग्रेस के शासनकाल में किसानों और आम जनता की समस्याओं की अनदेखी की गई, जबकि आज गरीब, किसान और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देश, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्पित है। जब भी पार्टी नेतृत्व का आह्वान होगा, कार्यकर्ता पूरी शक्ति और एकजुटता के साथ जनता के बीच पहुंचकर लोकतंत्र विरोधी ताकतों का मुकाबला करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से लोकतांत्रिक मूल्यों, देश की एकता और संविधान की गरिमा बनाए रखने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com