*भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भोपाल ग्रामीण जिले की कोर कमेटी व जिला बैठक एवं विदिशा जिला कार्यालय में कोर कमेटी एवं जिला बैठक को संबोधित किया*
——————————————————–
*- बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में जुटे कार्यकर्ता*
*- सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ युवाओं-महिलाओं को संगठन से जोड़ें*
भोपाल/विदिशा, 25/10/2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भोपाल ग्रामीण जिले की कोर कमेटी व जिला बैठक एवं विदिशा जिला कार्यालय में कोर कमेटी एवं जिला बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में जुटें। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। पार्टी कार्यकर्ता भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाकर युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ने का कार्य करें।
*पार्टी संगठन को सर्वस्पर्शी बनाना हमारा लक्ष्य है*
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है। समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर संगठन को सर्वस्पर्शी बनाना हमारा लक्ष्य है। संगठन की वास्तविक मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, आपसी समन्वय, अनुशासित कार्यपद्धति और समाज के साथ निरंतर संवाद से सुनिश्चित होती है। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, जनसंपर्क का दायरा बढ़ाने और जनसेवा के माध्यम से जनता के विश्वास को और सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देशभक्ति और समाजसेवा के उद्देश्य से कार्य करने वाले संगठन का हिस्सा बनना प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। पार्टी के लिए समर्पित रहना उन असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, तपस्या, संघर्ष, आंदोलनों और यात्राओं की गौरवशाली परंपरा से जुड़ना है, जिनके प्रयासों से संगठन आज इस मुकाम तक पहुंचा है। प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच सक्रिय रहकर सेवा और संगठन के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाए। संगठन की मजबूती केवल पदों और बैठकों तक सीमित नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, परस्पर समन्वय और समाज के साथ सतत संवाद ही इसकी असली ताकत है।
*तथ्यों के साथ जनता तक पहुंचाएं सरकार की उपलब्धियां*
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने कहा कि विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ता तथ्यों और पूरी तैयारी के साथ जनता के सामने वास्तविक स्थिति स्पष्ट करें। सामाजिक मुद्दों, वैचारिक विमर्श और जनसंवाद के विभिन्न स्तरों पर कार्यकर्ताओं को सजग, सक्रिय और संवादशील रहना होगा, ताकि भाजपा की विचारधारा, नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाया जा सके। जनता के विश्वास को बनाए रखना और उसे निरंतर मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। इसके लिए जनता के साथ सतत संपर्क, उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जनसेवा के माध्यम से ही संगठन और समाज के बीच संबंधों को और मजबूत किया जा सकता है। प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने दोनों जिलों के अध्यक्षों से संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
भोपाल ग्रामीण जिले की बैठक में संभाग प्रभारी डॉ. तेजबहादुर सिंह, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, श्री विष्णु खत्री, जिला प्रभारी श्री प्रदीप लारिया, जिला अध्यक्ष श्री तीरथ सिंह मीणा, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री केदार सिंह मंडलोई, श्री गोपाल सिंह मीणा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामकुंवर नवरंग गुर्जर उपस्थित रहीं। विदिशा जिले की बैठक में जिला प्रभारी श्री सीताराम यादव, जिला अध्यक्ष श्री महाराज सिंह दांगी सहित जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंडला से दीप्ति कौर की रपट
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com