Breaking News

*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने रविवार को इंदौर स्थित बीएसएफ परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर संबोधित किया।* ———–

भोपाल से राधावल्लभ शारदा के साथ दीप्ति कौर की रपट

*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने रविवार को इंदौर स्थित बीएसएफ परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर संबोधित किया।*
——————————————————
*- प्राण वायु का स्थाई प्रबंध है ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान*
*- वृक्ष जीवन का आधार भी हैं और वसुधा का श्रृंगार भी*
*- पौधरोपण, जल संरक्षण में योगदान और नक्सल उन्मूलन के दो बीएसएफ जवानों को 2-2 लाख*
*- डॉ. मोहन यादव*
*- इंदौर आर्थिक राजधानी के साथ अब पर्यावरण संरक्षण की दिशा तय कर रहा है*
*- इंदौर जो संकल्प करता है, उसे सफलतापूर्वक पूरा भी करता है*
*- श्री हेमंत खण्डेलवाल*
इंदौर/भोपाल, 12/07/2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने रविवार को इंदौर के ग्राम बुढ़ानिया स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर 21 लाख पौधारोपण एवं 51 हजार वर्षा जल संचयन इकाइयों की स्थापना के महाभियान का शुभारंभ कर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जो हमें जीवन दें, सद्मार्ग पर ले जाए, वह सदैव वंदनीय है। हमारे लिए प्रकृति ही परमेश्वर के स्वरूप है, क्योंकि यह हमें जीवन देती है, हमारा उदर-पोषण करती है, इसलिए हम सबको प्रकृतिपूजक बनकर इसकी वंदना करनी चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार भी हैं और वसुधा का श्रृंगार भी। वृक्ष ऋषि मुनियों के समान एक ही स्थान पर रहकर साधना करते हैं। यह हमारी नकारात्मक ऊर्जा को स्वयं ग्रहण कर हमें सकारात्मक ऊर्जा (प्राण वायु) देने वाले उदार साधक होते हैं। बंजर भूमि को हरियाली की चादर ओढ़ाना प्रकृति माता को हरी चुनरी ओढ़ाने जैसा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर चलाया जा रहा ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान कोई शासकीय कार्यक्रम नहीं, यह जीवन के लिए सांसों का स्थायी प्रबंध करने का अभियान है। जल, जंगल, जमीन और जानवर जिनसे हमारा पारिस्थितिकीय-तंत्र तैयार होता है, यह अभियान इनकी सुरक्षा का मिशन है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि इन्दौर प्रदेश की आर्थिक राजधानी होने के साथ अब पर्यावरण संरक्षण की दिशा तय कर रहा है। ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के तहत 21 लाख पौधे लगाने के संकल्प का महाभियान निःसंदेह बेहद सराहनीय है। इंदौर जो संकल्प करता है, उसे सफलतापूर्वक पूरा भी करता है। कार्यक्रम को मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने भी संबोधित किया।
*नक्सल उन्मूलन में उल्लेखनीय सेवा देने वाले दो जवानों को मिलेंगे दो-दो लाख – डॉ. मोहन यादव*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी संस्कृति में पंच महाभूतों को मान्यता मिली है, इसमें सबसे प्रमुख है जल। जल से ही हमारा जीवन है। ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान तथा जल, जंगल एवं पर्यावरण बचाने के पुनीत महाभियान में पूरे समाज की सहभागिता बेहद सराहनीय है। हम सबको मिलकर इस दिशा में आगे आना ही चाहिए। मुख्यमंत्री ने पौधरोपण एवं जल संचयन में सरकार और समाज की सहयोगी सामाजिक संस्था पृथ्वी को प्रोत्साहन स्वरूप 2 लाख रुपये और प्रदेश में चलाए गए नक्सल उन्मूलन अभियान में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले बीएसएफ के दो जवानों को मंच से सम्मानित कर 2-2 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां अहिल्या की नगरी इंदौर अतीत के उस गौरवशाली पृष्ठ के रूप में जानी जाती है, जिसने सनातन संस्कृति को पुनर्जीवित किया। देवी अहिल्या माता ने अपने शासनकाल में अपने मूल उत्तरदायित्व के साथ-साथ प्रकृति के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर कुंए और बावड़ियां बनाई। उन्हीं से प्रेरणा लेते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने जल संरक्षण की दिशा में नदी, तालाब, कुंए, बावड़ियों की सफाई और इनके पुनर्निर्माण का अभियान चलाया है। इंदौर में बड़े पैमाने पर जल संरक्षण का काम हुआ। इंदौर ने देश को जल संरक्षण की दिशा दिखाई है। इससे देश में मध्यप्रदेश ने उल्लेखनीय स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में अलनीनो जैसी जलवायु से जुड़ी चुनौती हमारे सामने हैं। ऐसे में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण ही सबसे प्रभावी उपाय है। ‘एक पेड़- मां के नाम‘ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पहल है।
*इंदौर जब भी कुछ करता है, रिकॉर्ड ही बनता है*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यादव ने कहा कि इन्दौर जब भी कुछ करता है, रिकार्ड ही बनाता है। जल हो या जंगल, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इन्दौर में बहुत अच्छा काम हो रहा है। पौधरोपण अभियान में 8 से 10 फिट के पौधे लगाए जा रहे हैं, जो जल्दी ही बड़े होकर फल देंगे। यह इस अभियान तीसरा साल है और हर साल इसमें समाज की सहभागिता बढ़ती ही जा रही है। अगले तीन दिनों में यहां 1 लाख से अधिक वन प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इस अमृत हरित महोत्सव-2026 में इन्दौर जिले में 21 लाख पौधे लगाने का संकल्प लेने के लिए जिलेवासियों को बधाई भी दी है।
*21 लाख पौधारोपण एवं 51 हजार वर्षा जल संचयन ऐतिहासिक पहल – श्री हेमंत खण्डेलवाल*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि 21 लाख पौधारोपण एवं 51 हजार वर्षा जल संचयन यूनिट लगाने का महाअभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल है। एक पेड़ लगाना महत्वपूर्ण कार्य है, लेकिन लाखों वृक्ष लगाने का सामूहिक संकल्प समाज की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक होता है। पहले 51 लाख, फिर 12 लाख और अब 21 लाख पौधारोपण का संकल्प इस बात का प्रमाण है कि इंदौर केवल संकल्प नहीं करता, बल्कि उसे सफलतापूर्वक पूरा भी करता है। किसी अभियान को एक वर्ष चलाना बड़ी बात नहीं होती, बल्कि उसे निरंतर जनआंदोलन का स्वरूप देकर आगे बढ़ाना वास्तव में अनुकरणीय है। इंदौर लंबे समय से प्रदेश की आर्थिक राजधानी के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है। प्रदेश की आर्थिक दिशा तय करने में इंदौर की महत्वपूर्ण भूमिका रहा है। अब यह शहर पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के क्षेत्र में भी पूरे प्रदेश के लिए नई दिशा तय कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार इंदौर शहर उद्योग, व्यापार और रोजगार सृजन में अग्रणी है, उसी प्रकार पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और हरित विकास के क्षेत्र में भी नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इंदौर विकास और पर्यावरण के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करते हुए आगे भी पूरे देश के लिए प्रेरणा बनेगा। उद्योगों का विकास, रोजगार का विस्तार, हरियाली का संवर्धन और जल संरक्षण इन सभी क्षेत्रों में इंदौर की अग्रणी भूमिका आने वाले वर्षों में और अधिक सशक्त होगी।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, वरिष्ठ नेता श्री कृष्णमुरारी मोघे, पूर्व मंत्री व विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया, विधायक श्री रमेश मेंदोला, श्री मधु वर्मा, श्री राकेश गोलू शुक्ला, जिला अध्यक्ष श्री सुमित मिश्रा एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री श्रवण सिंह चावड़ा सहित जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मंचासीन रहे।

About Deepti kour

Check Also

रबी उपार्जन में शॉर्टेज प्रकरणों का 4 दिवस में निराकरण करें – कलेक्टर

रबी उपार्जन में शॉर्टेज प्रकरणों का 4 दिवस में निराकरण करें – कलेक्टर मंडला से …