ब्रेकिंग न्यूज़ मंडला
मंडला से दीप्ति कौर की रपट
सोमवती अमावस्या पर नर्मदा स्नान के दौरान मंडला के रपटा घाट एनीकट में बड़ा हादसा हो गया। सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलने वाली इस घटना में एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों को स्थानीय मछुआरों ने जान जोखिम में डालकर बचा लिया मृतक की पहचान भारत पटेल, उम्र 18 वर्ष, निवासी बिंझिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवती अमावस्या के अवसर पर हजारों श्रद्धालु नर्मदा स्नान के लिए रपटा घाट पहुंचे थे। इसी दौरान भारत पटेल और उसके साथी एनीकट के गहरे हिस्से में पहुंच गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और रेस्क्यू टीम मौजूद नहीं थी। युवकों को डूबता देख आसपास मौजूद मछुआरे तुरंत नदी में कूद पड़े और साहसिक रेस्क्यू कर दो युवकों की जान बचा ली। हालांकि काफी प्रयासों के बावजूद भारत पटेल को नहीं बचाया जा सका। बाहर निकालने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि सोमवती अमावस्या जैसे बड़े धार्मिक अवसर पर, जब प्रशासन को हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ का पहले से अंदाजा था, तब भी संवेदनशील और गहरे क्षेत्रों में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए? न पर्याप्त बैरिकेडिंग दिखी, न चेतावनी संकेत और न ही तत्काल रेस्क्यू व्यवस्था स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर मछुआरे मदद के लिए आगे नहीं आते तो मृतकों की संख्या और बढ़ सकती थी। दो युवकों की जान बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
लेकिन यह हादसा प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है आखिर श्रद्धालुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? और कब तक ऐसे हादसों के बाद ही व्यवस्थाओं की समीक्षा होती रहेगी
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com