*-भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के पश्चात किया पदभार ग्रहण*
भोपाल से राधा वल्लभ शारदा के साथ दीप्ति कौर की रिपोर्ट
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा की उपस्थिति में बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मध्यप्रदेश वन विकास निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष रामनिवास रावत, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ.कैलाश जाटव, मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष के.पी.यादव एवं उपाध्यक्ष श्री संजीव कांकर ने पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं के साथ महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात संबंधित निगम एवं आयोग कार्यालय पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर पदभार ग्रहण किया।
*महापुरूषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सेवा करने का लिया संकल्प – रामनिवास रावत*
मध्यप्रदेश वन विकास निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री रामनिवास रावत ने कहा कि मैंने पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर सेवा करने का संकल्प लिया है। मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल का आभार व्यक्त करता हूं कि मुझे कार्य करने का अवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि वन विकास निगम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वन संसाधनों के समुचित उपयोग और प्रदेश के विकास में सकारात्मक योगदान सुनिश्चित किया जाएगा।
*अजा वर्ग के अधिकारों और कल्याण के लिए आयोग प्रभावी कार्य करेगा-डॉ. कैलाश जाटव*
अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव एवं सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार व श्री रामलाल मालवीय ने पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने हमें जो दायित्व सौंपा है, उसका निर्वहन पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों की रक्षा, उनके कल्याण और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए आयोग प्रभावी रूप से कार्य करेगा। संगठन के मार्गदर्शन और सरकार के सहयोग से वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक न्याय और विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
*सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनायेंगे- श्री के.पी.यादव*
मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री के.पी.यादव एवं उपाध्यक्ष श्री संजीव कांकर ने पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने हमें जो दायित्व सौंपा है, उसका निर्वहन पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ करूंगे। श्री के.पी.यादव ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। साथ ही, गरीब और जरूरतमंद वर्ग तक खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय और निगरानी को मजबूत किया जाएगा।
इस दौरान मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री विश्वास सारंग, श्री राव उदय प्रताप सिंह, श्री गोविंद सिंह राजपूत, श्री लखन पटेल, श्री गौतम टेटवाल, श्रीमती प्रतिमा बागरी, महाराष्ट्र के सह प्रभारी व मध्यप्रदेश राज्य वित आयोग के अध्यक्ष श्री जयभान सिंह पवैया, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल, सांसद श्रीमती माया नारोलिया, डॉ. महेन्द्र सिंह सोलंकी, सहरिया विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, भोपाल जिला प्रभारी श्री जसवंत हाड़ा, जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com