Breaking News

समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत विद्यार्थियों का भ्रमण संपन्न

समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण संपन्न

मंडला, 27 फरवरी 2026
दीप्ति कौर की रिपोर्ट
समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए राज्य उच्च शिक्षा से जुड़ी शैक्षणिक संस्थाओं का एक दिवसीय स्टडी ट्रिप जिला प्रशासन के निर्देशन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, सहायक संचालक एल.एस. मसराम, जिला नोडल अधिकारी एपीसी श्री मुकेश पाण्डे तथा विकासखण्ड मंडला की नोडल श्रीमती सुषमा पटेल सहित अन्य अधिकारियों एवं मेंटर श्री अखिलेश उपाध्याय के संयोजन में संपन्न हुआ।
विकासखण्ड मंडला से चयनित छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के तहत स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ हॉटेल मैनेजमेंट जबलपुर, मंगलायतन विश्वविद्यालय जबलपुर एवं धुआंधार फॉल्स भेड़ाघाट का भ्रमण कराया गया। भ्रमण का मुख्य केंद्र स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट जबलपुर रहा, जहां विद्यार्थियों ने होटल उद्योग में उपलब्ध करियर संभावनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। संस्थान के विशेषज्ञों ने हाउसकीपिंग, फूड प्रोडक्शन एवं फ्रंट ऑफिस मैनेजमेंट जैसे तकनीकी विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यार्थियों ने जाना कि कौशल विकास के माध्यम से देश-विदेश में रोजगार के व्यापक अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने मंगलायतन विश्वविद्यालय का भ्रमण किया, जहां उन्हें उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया, रोजगार के अवसर एवं विषय चयन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। छात्रों ने फूड प्रोसेसिंग एवं फूड टेक्नोलॉजी, फॉरेंसिक साइंस, फार्मास्यूटिकल्स की प्रयोगशालाओं, फूड कोर्ट की कार्यप्रणाली, पॉलीहाउस, मशरूम हाउस तथा जैविक खेती की प्रक्रियाओं का अवलोकन किया और व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के लिए सुबह-शाम के नाश्ते एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई। कार्यक्रम उपरांत सभी विद्यार्थियों से फीडबैक प्राप्त किया गया, जिसमें उन्होंने इस शैक्षणिक यात्रा को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। शैक्षणिक भ्रमण के अंतिम चरण में विद्यार्थियों ने धुआंधार जलप्रपात भेड़ाघाट पहुंचकर प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया तथा नर्मदा तट की जैव विविधता के बारे में जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं। इससे विद्यार्थियों के दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन आता है और उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होता है। विद्यार्थियों ने भविष्य में ऐसे और अधिक शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए जाने की इच्छा व्यक्त की।

About Deepti kour

Check Also

Delhi शराब घोटाला से जस्टिस ने अपने आप को किया अलग

Delhi शराब घोटाला से जस्टिस ने अपने आप को किया अलग दिल्ली से वेदप्रकाश रस्तोगी …