Breaking News

शांति समिति की बैठक संपन्न

शांति समिति की बैठक संपन्न
कलेक्टर एवं एसपी की मौजूदगी में सौहार्दपूर्ण त्यौहार मनाने का आह्वान

मंडला, 26 फरवरी 2026
जिले में आगामी त्यौहारों होली, चैटीचंड, चैत्र नवरात्रि, ईद-उल-फितर, रामनवमी, हनुमान जयंती एवं अन्य पर्वों को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा की उपस्थिति में जिला योजना भवन में आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्यौहारों के संबंध में समिति सदस्यों से विस्तृत सुझाव लिए गए और सभी ने मिलकर सामाजिक समरसता बनाए रखने पर सहमति जताई।
बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, अपर कलेक्टर राजेंद्र कुमार सिंह, एडिशनल एसप शिवकुमार वर्मा, संयुक्त कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीओपी पीयूष मिश्रा, मंडला एसडीएम सोनल सिडाम सहित अन्य संबंधित अधिकारी, मीडियाकर्मी तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि 2 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा। तिथि के अनुसार 3 एवं 4 मार्च को धुलेड़ी पर्व मनाया जायेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होलिका दहन बिजली के तारों के नीचे न किया जाए। होलिका दहन मुख्य मार्गों पर अथवा सार्वजनिक चौराहों के बीच में न करें। अंजान व्यक्ति पर जबरन रंग या गुलाल न डालें। केमिकल युक्त रंगों से बचते हुए हर्बल गुलाल और प्राकृतिक रंगों के उपयोग को प्रोत्साहित करें। होलिका दहन में कंडे एवं गौ-काष्ठ के उपयोग की सलाह दी गई।
नगर पालिका द्वारा धुलेड़ी के दिन प्रातः 7 बजे निर्धारित समय पर जल प्रदाय किया जाएगा। समिति सदस्यों के सुझाव पर शाम 4 बजे की जाने वाली जल आपूर्ति को धुलेड़ी पर्व पर दोपहर 3 बजे करने पर सहमति बनी। चूंकि इन दिनों बोर्ड परीक्षाओं का संचालन भी जारी है, इसलिए देर रात तक डीजे या तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा तथा सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। इस संबंध में डीजे संचालकों के साथ बैठक एसडीएम स्तर पर आयोजित कर पृथक से निर्देशित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिए एम्बूलेंस, पैरामेडीकल टीम तथा फायरब्रिगेड तैनात रखने के संबंध में सीएमएचओ को आवश्यक निर्देश दिए। विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने सभी से अपील की कि “हम सभी का त्यौहार है”, इसे संयम और जिम्मेदारी के साथ मनाएं।
कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि 2 मार्च की शाम माहिष्मती घाट पर फूलों एवं हर्बल रंगों की होली आयोजित होगी। एसपी सकलेचा ने कहा कि धुलेड़ी पर्व पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस द्वारा विभिन्न पॉइंट निर्धारित किए जाएंगे तथा ब्रीथ एनालाइजर के साथ जांच की जाएगी। अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों को सावधानी और जिम्मेदारी के साथ त्यौहार मनाने की समझाइश दें। तेज गति से वाहन न चलाने और नदी तट पर स्नान न करने की सलाह भी दी गई।
बैठक के अंत में कलेक्टर एवं एसपी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे कानून व्यवस्था का पालन करते हुए संयमित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाएं, ताकि जिले की शांति और भाईचारा बना रहे।

मंडला से दीप्ति कौर की रिपोर्ट

About Deepti kour

Check Also

मां नर्मदा तट पर श्रद्धा और उल्लास का संगम

माँ नर्मदा के तट पर श्रद्धा और उल्लास का संगम ‘फूलों की होली’ में शामिल …