पेंशन निराकरण की नई ऑनलाइन व्यवस्था, अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
मंडला, 26 फरवरी 2026
मध्यप्रदेश शासन के वित्त विभाग के निर्देशानुसार, जिला पेंशन कार्यालय मंडला द्वारा गुरूवार को राज्य केंद्रीकृत पेंशन प्रोसेसिंग प्रक्रिया पर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिला योजना भवन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का त्वरित और पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित करना है।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि राज्य शासन द्वारा ’’राज्य केंद्रीकृत पेंशन प्रोसेसिंग सेल, भोपाल’’ का गठन किया गया है। अब प्रदेश के सभी पेंशन प्रकरण इसी सेल के माध्यम से ऑनलाइन संसाधित किए जाएंगे। आगामी समय में सभी पेंशन प्रकरणों का निराकरण पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से होगा। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एग्रीगेटर ऑनलाइन पेंशन भुगतान के लिए भोपाल स्थित एसबीआई को एग्रीगेटर बैंक नियुक्त किया गया है, जिससे भुगतान प्रक्रिया में तेजी आएगी। सभी प्रकरण एक ही स्थान से एक निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी किए जाएंगे।
जिला पेंशन अधिकारी श्री अविनाश नागले ने प्रशिक्षण में उपस्थित जिले के सभी कार्यालयों के पेंशन प्रभारियों को नवीन प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने पेंशन प्रकरणों के प्रस्तुतीकरण और भुगतान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक पेंशन अधिकारी श्री राहुल चौरसिया द्वारा किया गया। इस नई व्यवस्था से आने वाले समय में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपनी पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।.
मंडला से दीप्ति कौर की रिपोर्ट
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com