*-कांग्रेस के आरोप पूरी तरह निराधार, तथ्यहीन और जनता को भ्रमित करने का कुत्सित प्रयास* हेमंत खंडेलवाल
भोपाल, से राधावल्लभ शारदा द्वारा संपादित रपट
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा मध्यप्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से तथ्यहीन, निराधार और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता प्रदेश में लगातार भ्रम और अविश्वास का वातावरण पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनके आरोपों में रत्तीभर भी सच्चाई नहीं है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रस्तुत किए गए शपथ-पत्र में उनके नाम पर 17 एकड़ भूमि का उल्लेख किया गया था और वर्ष 2026 तक इसमें कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। इसी प्रकार उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सीमा यादव के नाम दर्ज 12.29 एकड़ भूमि में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री के पुत्र श्री वैभव यादव के नाम वर्ष 2023 से पूर्व जो 16 एकड़ भूमि थी, उसमें भी मुख्यमंत्री बनने के बाद किसी प्रकार की वृद्धि नहीं हुई है। यह सभी भूमि मास्टर प्लान लागू होने से पहले से उनके नाम पर है। पुत्र वधू श्रीमती शालिनी यादव द्वारा वर्ष 2025 में खरीदी गई 10 एकड भूमि मास्टर प्लान क्षेत्र के बाहर है, जो विकसित या व्यावसायिक क्षेत्र में नहीं आती है। मुख्यमंत्री के रिश्तेदार अपने-अपने व्यवसाय एवं आर्थिक गतिविधियां स्वतंत्र रूप से संचालित करते हैं। उनके किसी भी निजी लेन-देन या व्यवसाय को मुख्यमंत्री से जोड़ना तथात्मक रूप से गलत है। उज्जैन मास्टर प्लान-2035 डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने से पहले लागू हो चुका था। यह मास्टर प्लान मई 2023 से प्रभावशील है, जबकि डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पद का दायित्व संभाला है। सड़क, हाईवे या विकास योजनाओं को मुख्यमंत्री बनने के बाद विशेष रूप से प्रभावित करने का कांग्रेस का आरोप निराधार है। सभी विकास कार्य लागू मास्टर प्लान के अनुसार ही हो रहे हैं।
*वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से वर्तमान में कम हुई है जमीन*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं द्वारा जिस सिद्धिविनायक कंपनी का उल्लेख किया जा रहा है, उसके पास वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के समय लगभग 68 एकड़ भूमि थी, जो वर्तमान में घटकर लगभग 65 एकड़ रह गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्ष 2017 में ही उक्त कंपनी के निदेशक पद से इस्तीफा दे चुके थे, इसलिए कंपनी की वर्तमान गतिविधियों से उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आरोपों में जिन रिश्तेदारों का उल्लेख किया गया है, उनका मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अथवा उनके परिवार से कोई लेना-देना नहीं है। उनका अपना स्वतंत्र अस्तित्व है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनके संबंध में भी कांग्रेस द्वारा प्रस्तुत किए गए तथ्यों में गंभीर विसंगतियां हैं और संबंधित पक्ष स्वयं अपना पक्ष रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
*मुख्यमंत्री की लोकप्रियता और विकासोन्मुखी नेतृत्व से कांग्रेस घबराई हुई है*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की लोकप्रियता और विकासोन्मुखी नेतृत्व से कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से बौखलाई हुई है। निवेश, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जिस प्रकार संवेदनशीलता के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है, उससे आने वाले दिनों में मध्यप्रदेश में कांग्रेस का कोई नाम लेने वाला नहीं बचेगा। विकास के मुद्दे पर मुकाबला नहीं कर पाने के कारण कांग्रेस षड्यंत्र और दुष्प्रचार का सहारा ले रही है।
*पिछड़े वर्ग के नेतृत्व को कमजोर करने का षड्यंत्र कर रही कांग्रेस*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा मध्यप्रदेश में भाजपा द्वारा पिछड़े वर्ग को दिए गए प्रतिनिधित्व व नेतृत्व को कमजोर करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। यह भी दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब-जब प्रदेश को पिछड़े वर्ग से नेतृत्व मिला है, तब-तब उसे कमजोर करने और बदनाम करने के सुनियोजित प्रयास हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती, श्री शिवराज सिंह चौहान हों या वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव। कांग्रेस के नेताओं को पिछड़े वर्ग का नेतृत्व कभी स्वीकार नहीं हुआ। समाज के स्वयंभू ठेकेदार लगातार ऐसे नेताओं के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास करते रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री खण्डेलवाल ने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि जनता के बीच विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर पराजित होने के बाद कांग्रेस अब झूठ और दुष्प्रचार का सहारा लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है। मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस की इस साजिश को भली-भांति समझती है और आगामी चुनावों के दौरान करारा जवाब देगी।
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com