भोपाल से राधावल्लभ शारदा के साथ दीप्ति कौर की रपट
*राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल में किया योग, प्रदेश के सभी मंडलों में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने किया योग*
——————————————————
*- वैश्विक शांति और वैश्विक कल्याण को बढ़ावा देता है योग दिवस*
*- विश्व में 2500 स्थानों और 210 से अधिक दूतावासों में मना योग उत्सव*
*- डॉ. मोहन यादव*
*- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से योग वैश्विक जनआंदोलन बन गया*
*- योग व्यक्ति के तन-मन को स्वस्थ रखकर सकारात्मकता का संचार करता है*
*- श्री हेमंत खण्डेलवाल*
भोपाल, 21/06/2026। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड में एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल के मेजर ध्यानचंद एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में सामूहिक योग किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल सहित प्रदेश शासन के मंत्रीगणों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का उद्बोधन भी सुना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस वर्ष की थीम-योगा फॉर हेल्दी एजिंग है। योग वैश्विक शांति और कल्याण को बढ़ावा देता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने योग को वैश्विक बनाने में अहम भूमिका निभाई। आज विश्व में 2500 स्थानों और 210 से अधिक दूतावासों में योग का उत्सव मनाया गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि योग हजारों वर्षों से भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सतत प्रयासों के कारण आज योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। योग वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है। योग व्यक्ति के तन-मन को स्वस्थ रखकर सकारात्मकता का संचार करता है। उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, श्री राजेन्द्र शुक्ल ने जबलपुर के गैरिसन ग्रांड, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर के गोपुर चौराहे पर, श्री राकेश सिंह एवं श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में योग किया। इसके साथ ही मध्यप्रदेश शासन के मंत्रीगण, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी मंडलों में स्थानीयजन व कार्यकर्ताओं के साथ योग किया।
*भारत ने योग के रूप में दुनिया को मानव कल्याण का उपहार सौंपा है – डॉ. मोहन यादव*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कार्यकाल के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने पर यह सुखद संयोग बना है। इस वर्ष राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगरी कोलकाता से किया जा रहा है। दुनिया के करीब 2500 स्थानों पर योगाभ्यास किया जा रहा है, 210 से अधिक दूतावास भी कार्यक्रम में हिस्सेदारी कर रहे हैं। भारत ने योग के रूप में दुनिया को मानव कल्याण का उपहार सौंपा है। योग का अर्थ है जोड़ना, भारत ने अपने ज्ञान, विवेक और विचार से सदैव सभी को एक-दूसरे से जोड़ा है। प्रधानमंत्री जी ने भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा, हमारी आध्यात्मिक चेतना और समृद्ध सनातन संस्कृति का वैश्विक पटल पर परिचय कराया है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री जी ने विश्व योग दिवस का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र सभा में रखा तो 175 से ज्यादा देशों ने इसका ऐतिहासिक समर्थन किया था। मध्यप्रदेश के कोने-कोने को योग से जोड़ने के लिए हर घर योग अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया है। उन्होंने आदि देव शंकर और आष्टांग योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि को नमन करते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम संस्कारधानी जबलपुर में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ।
*हमारी संस्कृति में संसार एक परिवार है*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सनातन संस्कृति ने सदैव संसार को एक परिवार के रूप में देखा है। हमने कभी भौगोलिक सीमाओं तक अपनी सोच को सीमित नहीं किया है, अपितु विश्व को वसुधैव कुटुम्बकम का अमर संदेश दिया। हमारे ऋषियों ने सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे संतु निरामयः की कामना की। मध्यप्रदेश योगियों की तपोस्थली रही है। भगवान श्री कृष्ण को मध्यप्रदेश की धरती पर योग का ज्ञान प्राप्त हुआ। मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संपन्नता गौरवशाली इतिहास का अभिन्न अंग रही है। योगेश्वर श्रीकृष्ण ने उज्जैन स्थित सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण की। यहां उन्होंने 64 कला और 14 विद्याओं का गहन अध्ययन किया। इनमें योग विज्ञान सबसे प्रमुख था। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दुनिया के अधिकांश देशों में योगाभ्यास हो रहा है। यह भारत की गौरवशाली संस्कृति का प्रतीक है। भारत एक बार फिर दुनिया को हमारी समृद्ध संस्कृति से परिचित करा रहा है। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के साथ-साथ सूर्य देव की कक्षा परिवर्तन का दिन भी है।
*दुनिया के अधिकांश देशों ने योग को अपनाया – श्री हेमंत खण्डेलवाल*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि वर्ष 2015 में जब अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत हुई थी तब 84 देशों ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भागीदारी की थी, जबकि आज विश्व के अधिकांश देशों में योग अपनाया जा रहा है। वर्ष 2023 में संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की गरिमामय उपस्थिति ने योग को विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में योग देश के गांव-गांव और घर-घर तक पहुंच रहा है तथा लोगों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहा है। योग हजारों वर्षों से भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री जी के सतत प्रयासों के कारण आज योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है। योग व्यक्ति के तन और मन दोनों को स्वस्थ रखता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति के तन-मन को स्वस्थ रखकर सकारात्मकता का संचार करता है। भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योग को जन-जन का संकल्प बनाया जाए। सभी लोग योग करें और स्वस्थ रहें। योग करने से व्यक्ति पूरी तरह से स्वस्थ रहता हैै। कार्यक्रम को मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री सुधाकर पवार, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री महेश राठौर सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, जन अभियान परिषद के कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी तथा अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com