Breaking News

प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान 175 से भी अधिक देशों तक पहुंची भारतीय परंपरा- मंत्री श्रीमती संपतिया उईके

प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान
175 से भी अधिक देशों तक पहुंची भारतीय परंपरा- मंत्री श्रीमती संपतिया उईके
माँ नर्मदा के माहिष्मती घाट पर हुआ जिला स्तरीय योग दिवस आयोजन,
कलेक्टर ने मयूरासन और शीर्षासन कर दिया योग अपनाने का प्रेरक संदेश
हजारों नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

मंडला से दीप्ति कौर की रपट
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को माँ नर्मदा के पावन तट माहिष्मती घाट में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं तथा अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सतत प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के 175 से भी अधिक देशों में योग को अपनाया जा रहा है और पूरी दुनिया भारतीय संस्कृति एवं जीवन दर्शन की इस अनुपम देन का लाभ उठा रही है। उन्होंने कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पूर्व योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की जो परंपरा विकसित की थी, वही आज विश्व कल्याण का आधार बन रही है।
मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए, जिससे स्वयं के साथ-साथ परिवार और समाज भी स्वस्थ एवं सशक्त बन सके।
कार्यक्रम में आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका धुर्वे एवं योग प्रशिक्षकों द्वारा उपस्थितजनों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस दौरान पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के योग दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी प्रदर्शित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सभी ने सुना।
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने शीर्षासन एवं मयूरासन का प्रभावशाली प्रदर्शन कर उपस्थित नागरिकों को योग के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शीर्षासन और मयूरासन जैसे कठिन आसन यह संदेश देते हैं कि नियमित अभ्यास, धैर्य और दृढ़ संकल्प से असंभव प्रतीत होने वाले लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं। योग हमें शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाता है। प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वातावरण के बीच किए गए इन कठिन योगासनों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया तथा योग के प्रति उत्साह का संचार किया।
कलेक्टर श्री धोटे ने नागरिकों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग स्वस्थ, संतुलित और सुखद जीवन का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रफुल्ल मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, जिला आयुष अधिकारी डॉ. गायत्री अहाके, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीओपी श्री पीयूष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडियाकर्मी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

About Deepti kour

Check Also

धारा 69 ए में सरकार के पास अधिकार है कि बह अनुचित उपयोग पर सोशल मीडिया या प्रिंट मीडिया पर कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं

धारा 69 ए में सरकार के पास अधिकार है कि बह अनुचित उपयोग पर सोशल …