भोपाल से प्रांतीय मीडिया प्रभारी दीप्ति कौर की रपट
योग सप्ताह के अंतर्गत बीएमएचआरसी में गर्भ संस्कार, सिकल सेल जागरूकता एवं ध्यान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
भोपाल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के अंतर्गत भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (आईसीएमआर-बीएमएचआरसी), भोपाल में विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
स्टेशन बजरिया स्थित स्वास्थ्य केंद्र क्रमांक-2 में गर्भवती महिलाओं के लिए गर्भ संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में योग शिक्षक श्री सुशील सिंह ने गर्भावस्था के दौरान की जाने वाली योग क्रियाओं एवं उनके लाभों की जानकारी दी।
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने गर्भ संस्कार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गर्भावस्था के दौरान सकारात्मक सोच, संतुलित जीवनशैली, उचित आहार एवं योगाभ्यास स्वस्थ एवं संस्कारित पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा चिकित्सकीय परामर्श का नियमित पालन करने का आह्वान किया।
इसके पश्चात बीएमएचआरसी के सिकल सेल सक्षमता केंद्र में सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों के लिए विशेष योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मरीजों को उनके स्वास्थ्य के लिए लाभकारी योग क्रियाओं एवं उनके नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
योग सप्ताह के अंतर्गत ही संस्थान के सभागार में ईशा फाउंडेशन द्वारा चिकित्सकों, कर्मचारियों, शिक्षकों, पीजी विद्यार्थियों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल विद्यार्थियों के लिए ध्यान (योग) प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ध्यान एवं योग के माध्यम से मानसिक तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उपाय बताए गए।
विश्व सिकल सेल दिवस पर विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित : विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर 18 जून को बीएमएचआरसी में सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों के लिए विशेष चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 50 मरीजों एवं उनके परिजनों की स्क्रीनिंग की गई। फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों द्वारा सिकल सेल रोग के प्रभावों को कम करने एवं शारीरिक क्षमता बनाए रखने के लिए लाभकारी व्यायामों की जानकारी दी गई। पेन क्लिनिक के विशेषज्ञों ने दर्द से पीड़ित मरीजों को दर्द प्रबंधन संबंधी परामर्श प्रदान किया। वहीं मनोचिकित्सा विभाग द्वारा मरीजों की काउंसलिंग कर उन्हें मानसिक एवं भावनात्मक सहयोग उपलब्ध कराया गया। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में सिकल सेल रोग के लिए पहला सक्षमता केंद्र बीएमएचआरसी में स्थापित किया गया है।
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com