*Bhopal बीएमएचआरसी ने नेटवर्क एवं आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ करने हेतु रेलटेल से किया एमओयू**
भोपाल। भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) ने अपनी नेटवर्क और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) आधारित सुविधाओं को मजबूत, सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत बीएमएचआरसी और भारत सरकार के रेल मंत्रालय के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपन्न हुआ।
सोमवार, 2 फरवरी को बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव तथा रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की ओर से सीनियर मैनेजर (मार्केटिंग) सोनिया साहू ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड देशभर में विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य सरकारी संस्थानों के साथ नेटवर्क और सूचना प्रौद्योगिकी इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में कार्य कर रही है। इस अनुभव का लाभ बीएमएचआरसी को इस सहयोग के माध्यम से मिलेगा। इस समझौते के अंतर्गत बीएमएचआरसी परिसर में लोकल एरिया नेटवर्क (LAN) की मरम्मत, रखरखाव और विस्तार, नेटवर्क से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का समाधान तथा नई आवश्यकताओं के अनुरूप आईटी ढांचे का विकास किया जाएगा। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधाओं की स्थापना, स्मार्ट क्लासरूम, सॉफ्टवेयर विकास, वेबसाइट के आधुनिकीकरण और रखरखाव से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।
एमओयू के तहत हाई-स्पीड इंटरनेट लीज लाइन, क्लाउड स्पेस, डेटा बैकअप समाधान और आधुनिक आईटी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे अस्पताल की डिजिटल प्रणाली अधिक सुरक्षित होगी और मरीजों से जुड़ा डेटा बेहतर ढंग से संरक्षित रह सकेगा।
इस अवसर पर बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने कहा कि रेलटेल के साथ किया गया यह एमओयू बीएमएचआरसी के आईटी ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे अस्पताल का आंतरिक कामकाज अधिक सुचारु होगा और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता व गति दोनों में सुधार आएगा। आधुनिक नेटवर्क व्यवस्था का सीधा लाभ आम नागरिकों को बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाओं के रूप में मिलेगा।
Check Also
चमत्कारिक सिद्ध पीठ हनुमान मंदिर दिगवाड़
दिगवाड़ बाड़ी जिला रायसेन में सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर चमत्कारों के कारण आस्था का केंद्र …
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com