Breaking News

*संगठन और कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत* *- संघर्ष, त्याग और विचारधारा से विश्व का सबसे बड़ा संगठन बनी भाजपा -हेमंत खण्डेलवाल*

*संगठन और कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत*
*- संघर्ष, त्याग और विचारधारा से विश्व का सबसे बड़ा संगठन बनी भाजपा*
*- हेमंत खण्डेलवाल*

रतलाम/भोपाल, से राधावल्लभ शारदा द्वारा संपादित रपट

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को रतलाम के अतिथि गार्डन में पार्टी की जिला बैठक, वीबी-जी रामजी जनजागरण अभियान, छोटी टोली के साथ सोशल मीडिया, आईटी टोली और मन की बात टोली की बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी मजबूती संगठन शक्ति है। हमें अपने संगठन को और मजबूत बनाने के लिए बूथ स्तर तक योजना बनाकर संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाना है। मजबूत संगठन से ही सशक्त लोकतंत्र का निर्माण होता है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अटूट निष्ठा, अथक परिश्रम और वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष, त्याग और विचारधारा के कारण आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनकर देश और समाज का मार्गदर्शन कर रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं को खोज-खोजकर दायित्व देती है। पार्टी में किसी भी दायित्व के लिए किसी कार्यकर्ता को कहीं भटकने की आवश्यकता नहीं होती। कार्यकर्ता की सक्रियता ही अवसर बनकर सामने आती है। भाजपा में कोई भी कितना भी बड़े दायित्व पर क्यों न हो, उसके मन में सदैव कार्यकर्ता भाव बना रहना चाहिए। जनसंघ से लेकर आज भारतीय जनता पार्टी तक की यात्रा अत्यंत संघर्षपूर्ण, त्याग और समर्पण से भरी रही है। एक समय ऐसा भी था जब बूथ स्तर पर कार्यकर्ता जुटाना कठिन होता था, लेकिन आज भाजपा में कई करोड़ कार्यकर्ता हैं। भाजपा राष्ट्र सेवा और अपनी विचारधारा को लेकर चलने वाला आंदोलन है।
*भाजपा का मूल आधार उसका कार्यकर्ता है*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कोविड जैसी वैश्विक आपदा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने जनता तक पहुंचना एक बड़ी चुनौती थी। लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व ने देश को इस संकट से बाहर निकाला। भाजपा का मूल आधार उसका कार्यकर्ता है, जब तक कार्यकर्ता जुड़ा और सक्रिय रहेगा, तब तक पार्टी अडिग और सशक्त बनी रहेगी। भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और विचारधारा का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी के पास मात्र दो सांसद थे, तब भी पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी को यह अटूट विश्वास था कि अंधेरा छटेगा और कमल खिलेगा औैर आज वह विश्वास करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिश्रम से साकार हो चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि व्यक्तिगत हितों से ऊपर पार्टी को रखें और पार्टी की विचारधारा का प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया सहित सभी माध्यमों से करें।
*भाजपा सेवा, समर्पण व संस्कार के संकल्प के साथ कार्य करती है*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि हमारी पार्टी किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सशक्त विचारधारा की पहचान है। भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और संस्कार के संकल्प के साथ कार्य करती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में 11वें स्थान से चौथे स्थान तक ऐतिहासिक प्रगति की है। भारत तेजी से विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत को सशक्त करने में भाजपा की नीतियों की निर्णायक भूमिका रही है। आज देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और भारत वैश्विक मंच पर नई पहचान बना रहा है। इस परिवर्तन के मूल में मजबूत संगठन, अनुशासित कार्यकर्ता और स्पष्ट विचारधारा है। भाजपा का हर कार्य राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर किया जाता है। उन्होंने कहा कि यही विचारधारा आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत भारत की नींव रखेगी।
*गांवों का विकास ही भारत के विकास की नींव है*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने वीबीजी-राम-जी जनजागरण अभियान की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यह बिल मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने, पंचायतों को जवाबदेह बनाने और गांवों में पारदर्शी विकास की व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। पूर्व में मनरेगा जैसी योजनाओं में बिचौलियों की सक्रियता के कारण मजदूरों को उनका पूरा हक नहीं मिल पाता था, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने तकनीक और पारदर्शी प्रणाली के माध्यम से इस व्यवस्था को सुधारते हुए गांवों के समग्र विकास को प्राथमिकता दी है। भाजपा नामों की राजनीति नहीं, बल्कि काम और परिणाम की राजनीति में विश्वास करती है। हमारी संगठन और सरकारों ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से महात्मा गांधी के स्वप्न को साकार किया, वहीं स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत की भावना को पुनर्जीवित कर देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया गया है। गांवों का विकास ही भारत के विकास की नींव है। भाजपा सरकारों ने गांवों के स्वरूप, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर, ठोस और परिणामकारी कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर कार्य पार्टी की विचारधारा और राष्ट्रहित को केंद्र में रखकर करें, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी में सम्मान और दायित्व व्यक्ति के नाम से नहीं, बल्कि उसके कार्य, समर्पण और निष्ठा से तय होते हैं।
बैठक में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री चेतन्य काश्यप, संभाग प्रभारी श्री सुरेश आर्य, सांसद श्री सुधीर गुप्ता, श्री प्रदीप पांडेय, जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, विधायक श्री राजेंद्र पांडेय, श्री मथुरालाल डामर एवं श्री चिंतामणि मालवीय सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
*शिक्षा और प्रतिभा सम्मान से ही समाज व राष्ट्र आगे बढ़ता है*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को रतलाम के बड़बड़ रोड स्थित विधायक सभागृह में चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। शिक्षा से ही प्रतिभाएं निखरती हैं और देश विकास की नई ऊंचाइयों को छूता है। जिन देशों ने शिक्षा को प्राथमिकता दी, वे आज विश्व में अग्रणी हैं। भारत भी उसी मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और वह दिन दूर नहीं जब विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होगा। इसके लिए समाज और सरकार को मिलकर शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करना होगा। उन्होंने ढाई हजार से अधिक मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान को प्रेरणादायक बताते हुए चेतन कश्यप फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को पहचानकर सम्मानित करना ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण है।
*बूथ अध्यक्ष के निवास पहुंचकर किया भोजन*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने रतलाम जिले के सखवाल नगर के डॉ. भीमराव अंबेडकर मंडल के बूथ क्रमांक 55 के बूथ अध्यक्ष श्री अमन बोयत के निवास पहुंचकर भोजन कर परिजनों से भेंट की।
*प्रदेश अध्यक्ष ने किया लोकतंत्र सेनानी और वरिष्ठ नेताओं का सम्मान*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने लोकतंत्र सेनानी और वरिष्ठ नेताओं का सम्मान किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लोकतंत्र सेनानी श्री बजरंग पुरोहित, श्री महेन्द्र नाहर, श्री चंदन पिरोदिया, श्री सुरेशचन्द्र गोरेचा, श्री शंकरलाल माली, पूर्व विधायक श्री जितेन्द्र गेहलोत, श्री मनोज चावला, श्री दिलीप मकवाना, श्री भरतदास बैरागी, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री प्रकाश मेहरा, श्री ईश्वरलाल पाटीदार, श्री राजेन्द्र सिंह लुनेरा, वरिष्ठ नेता श्री मनोहर पोरवाल, पूर्व महापौर श्री शैलेन्द्र डागा एवं श्रीमती सुनीता यार्दे को शॉल, श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

About Mahadand News

Check Also

सरकार संसद में हर तरह की चर्चा के लिए तैयार है, मगर विपक्ष का उद्देश्य चर्चा करना नहीं, हंगामा करना है –  अमित शाह।*

सरकार संसद में हर तरह की चर्चा के लिए तैयार है, मगर विपक्ष का उद्देश्य …