*BMRC में 54 वर्षीय महिला के उन्नत अवस्था वाले गर्भाशय कैंसर की दुर्लभ एवं जटिल सर्जरी सफल*
भोपाल से राधावल्लभ शारदा द्वारा संपादित रपट
भोपाल मेमोरियल अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) में 54 वर्षीय महिला के गर्भाशय (यूटेरस) के कैंसर से प्रभावित एक अत्यंत जटिल मामला सफलता पूर्वक ऑपरेट किया गया। मरीज में लगभग 15×15×15 सेंटीमीटर आकार का ट्यूमर पाया गया था, जो पेल्विक क्षेत्र में व्यापक रूप से फैल चुका था।
ट्यूमर के बढ़ते आकार के कारण कैंसर ने पेशाब की नली और मलद्वार (रेक्टम) पर गंभीर दबाव डालकर उन्हें संकुचित कर दिया था। इस वजह से मरीज को पिछले तीन महीनों से मूत्रत्याग एवं मलत्याग में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था।
मरीज को कुछ दिन पूर्व एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, किंतु कैंसर की उन्नत स्थिति एवं सर्जरी के जोखिम को देखते हुए ऑपरेशन संभव नहीं बताया गया। इसके बाद मरीज बीएमएचआरसी पहुंचीं, जहां स्थिति का मूल्यांकन करते हुए कैंसर सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सोनवीर गौतम, एनेस्थीशियोलॉजी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ संध्या इवने और उनकी टीम ने इस चुनौतीपूर्ण शल्यक्रिया को करने का निर्णय लिया।
लगभग चार घंटे चले इस ऑपरेशन के दौरान कैंसरग्रस्त ऊतकों को हटाते हुए डॉक्टरों ने मूत्र मार्ग, छोटी आंत और रेक्टम को सुरक्षित रखने में सफलता प्राप्त की। कैंसर की अवस्था, ट्यूमर के आकार और कई अंगों पर दबाव के कारण यह सर्जरी अत्यंत जोखिमपूर्ण श्रेणी में आती है, जिसे कई बड़े चिकित्सा संस्थानों द्वारा करने से भी परहेज किया जाता है।
डॉक्टरों के अनुसार पेल्विक केविटी में इस स्तर पर फैला कैंसर दुर्लभ और तकनीकी रूप से अत्यंत चुनौतीपूर्ण स्थिति प्रस्तुत करता है, जहां थोड़ी भी त्रुटि से मरीज के जीवन को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
मरीज का संपूर्ण उपचार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निःशुल्क प्रदान किया गया।
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने कहा—
““यह सर्जरी हमारे डॉक्टरों और टीम की मेहनत का नतीजा है। हमें खुशी है कि ऐसे मरीज, जिन्हें दूसरे अस्पतालों में उम्मीद नहीं मिल पाती, उनके लिए बीएमएचआरसी एक भरोसे का स्थान बन रहा है।”
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com