Breaking News

*-जन-जन तक पहुंचाएं साहिबजादों के संघर्ष और बलिदान की गाथा*-युवाओं को प्रेरित करती रहेगी साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेहसिंह की शहादत* *-डॉ. मोहन यादव*

*-जन-जन तक पहुंचाएं साहिबजादों के संघर्ष और बलिदान की गाथा*-युवाओं को प्रेरित करती रहेगी साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेहसिंह की शहादत*
*-डॉ. मोहन यादव*
*-वीर बाल दिवस आने वाली पीढ़ियों के लिए बलिदान और धर्मनिष्ठता का संदेश देता है*
*-साहिबजादों की शहादत से देशभक्ति और संस्कारों की सीख मिलती है*
*-हेमंत खण्डेलवाल*

भोपाल, से राधावल्लभ शारदा द्वारा संपादित रपट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने वीर बाल दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में वीर बाल दिवस के अवसर पर साहिबजादे जोरावर सिंह एवं फतेह सिंह के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सर्वधर्म सम भाव की बात करते हैं और जरूर करनी भी चाहिए, लेकिन हमें यह भी देखना चाहिए कि जो व्यक्ति अपना धर्म छोड़ने और दूसरा धर्म अपनाने से इंकार करता है, उसके साथ क्या हो रहा है? उस पर क्या बीती है? आतताईयों को किसने यह छूट दी? और अगर अपने धर्म की रक्षा के लिए शहादत दी गई है, तो क्यों उसे याद नहीं करना चाहिए? आज वीर बाल दिवस के अवसर पर मैं दोनों साहिबजादों को नमन करता हूं और हम इस वृतांत को अपने पाठ्यक्रम में भी शामिल कर रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां संघर्ष और बलिदान की गाथा को याद रखें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि वीर बाल दिवस आने वाली पीढ़ियों को बलिदान और धर्मनिष्ठता का संदेश देता है। साहिबजादों की शहादत से देशभक्ति और संस्कारों की सीख मिलती है। वीर बाल दिवस का उद्देश्य है कि हम आने वाली पीढ़ी को बताएं कि बलिदान और धर्म के प्रति निष्ठा क्या होती है। हम आज के दिन हर हमारे नवयुवकों को इससे प्रेरणा लेने की सीख दें। कार्यक्रम को सिख समाज के पदाधिकारी श्री पजविंदर सिंह ने भी संबोधित किया।
*अद्भुत है साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह की शहादत : डॉ. मोहन यादव*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुगल शासकों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपने धर्म की रक्षा के लिए गुरु श्री गोविन्द सिंह जी महाराज के परिवार एवं दोनों साहिबजादों ने जो सर्वोच्च शहादत दी, उसे दुनिया सदैव स्मरण करती रहेगी। दोनों साहिबजादों के साथ मुगलों द्वारा की गई अमानवीय क्रूरता को स्मरण करते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं। गुरु गोविन्द सिंह जी ने देश और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष, त्याग और बलिदान का मार्ग दिखाया। धन्य है वह भारतमाता, जिसने ऐसे वीर सपूतों को जन्म दिया। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुरु नानक देव जी से लेकर गुरु गोविन्द सिंह जी एवं उनके पश्चात् गुरुओं तक संघर्ष और बलिदान की यह परंपरा निरंतर चलती रही। चाहे 1857 का स्वतंत्रता संग्राम हो, आजाद हिंद फौज का अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष हो अथवा 1942 का आंदोलन, प्रत्येक चरण में हमारे सिख बंधुओं के त्याग और संघर्ष ने राष्ट्र को प्रेरणा दी है। किंतु साहिबजादे जोरावर सिंह जी और साहिबजादे फतेह सिंह जी की शहादत वास्तव में अद्भुत, अनुपम और प्रेरणास्पद है। दोनों साहिबजादों ने त्याग, समर्पण और बलिदान की जो अद्वितीय मिसाल स्थापित की है, वह हमारी युवा पीढ़ी को वीरता, ईमानदारी, आत्मसम्मान और दृढ़ता के साथ मूल्य-आधारित जीवन जीने की सतत प्रेरणा देती रहेगी।
*वीर बाल दिवस ही वास्तविक बाल दिवस*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 26 दिसंबर, साहिबजादे जोरावर सिंह जी और साहिबजादे फतेह सिंह जी के शहीदी दिवस को वीर बाल दिवस घोषित किए जाने के लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से धन्यवाद करता हूं। इस ऐतिहासिक निर्णय के माध्यम से प्रधानमंत्री जी ने यह स्पष्ट किया है कि ऐसा कौन-सा बाल दिवस होना चाहिए, जिस पर देश को गौरव की अनुभूति हो और आने वाली पीढ़ियां जिनसे प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि केवल प्रतीकात्मक आयोजनों से कोई दिन बाल दिवस नहीं बन जाता। 26 दिसंबर वह दिन है, जब मात्र 6 और 9 वर्ष की आयु में दो नन्हे साहिबजादों ने विधर्मियों के सामने झुकने से इनकार करते हुए अपने प्राणों की आहुति दे दी। त्याग, संघर्ष और बलिदान की इस गौरवशाली पृष्ठभूमि वाला 26 दिसंबर ही वीर साहिबजादों की स्मृति में मनाया जाने वाला वास्तविक बाल दिवस है, जिसे आज देश वीर बाल दिवस के रूप में मना रहा है।
*साहिबजादों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता : श्री हेमंत खण्डेलवाल*
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 26 दिसंबर को मनाया जाने वाला वीर बाल दिवस सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह जी एवं बाबा फतेह सिंह जी की अमर शहादत की स्मृति में मनाया जाता है। मात्र 6 और 9 वर्ष की अल्पायु में उन्होंने मुगल शासकों के अत्याचारों के सामने डटकर खड़े होकर अपने धर्म की रक्षा हेतु सर्वोच्च बलिदान दिया। गुरु गोबिन्द सिंह जी के साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिसने राष्ट्र और धर्म के लिए सर्वोच्च त्याग का अर्थ सिखाया। साहिबजादों का साहस, शौर्य और आत्मबलिदान आज की पीढ़ी के लिए राष्ट्रभक्ति, आत्मसम्मान और धर्मनिष्ठा की अमिट प्रेरणा है। यह दिवस केवल स्मरण का नहीं, बल्कि संकल्प का दिवस है, जो हमें राष्ट्रप्रेम, धर्मरक्षा और आत्मसम्मान के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज देश के उन सभी वीर शहीदों को सम्मान मिल रहा है, जिनके बलिदान को वर्षों तक उपेक्षित रखा गया। वीर बाल दिवस का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को यह बताना है कि बलिदान, त्याग और धर्म के प्रति निष्ठा का वास्तविक अर्थ क्या होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भी यह संदेश देते हैं कि वीर बाल दिवस ऐसा अवसर बने, जिससे भावी पीढ़ी को देश और समाज के लिए जीने की प्रेरणा मिले। आज का दिन हम सभी को संकल्प दिलाता है कि हमारी नई पीढ़ी भी साहिबजादों के बताए मार्ग पर चले। उन्होंने वीर बाल दिवस के अवसर पर दोनों साहिबजादों को शत-शत नमन करते हुए कहा कि उनकी शहादत को यह देश कभी नहीं भूलेगा। हम सबका दायित्व है कि हम अपने बच्चों को उनकी शहादत से प्रेरणा लेने और राष्ट्र व समाज के लिए सर्वस्व समर्पित करने की सीख दें।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता व पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी, मध्यप्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री लोकेन्द्र पाराशर, सुश्री राजो मालवीय, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल, वरिष्ठ नेता श्री विनोद गोटिया, विधायक श्री भगवानदास सबनानी, जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति, प्रदेश प्रवक्‍ता सुश्री नेहा बग्‍गा, श्री मिलन भार्गव सहित पार्टी, जिला पदाधिकारी एवं सिख समाज के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About Mahadand News

Check Also

न्यू ईडन गार्डन कॉलोनी में हर्षौल्लास के साथ हुआ होलिका दहन

मंडला से दीप्ति कौर की रिपोर्ट *न्यू ईडन गार्डन कॉलोनी में हर्षोल्लास के साथ हुआ …