Breaking News

*-PM श्री मोदी जी के नेतृत्व में बदली देश की स्वास्थ्य व्यवस्था, प्रिवेंटिव क्योर पर फोकस* *-मेडिकल शिक्षा, जनकल्याण और विकास में मध्यप्रदेश बना देश का नेतृत्वकर्ता* -जगत प्रकाश नड्डा *

*-PM श्री मोदी जी के नेतृत्व में बदली देश की स्वास्थ्य व्यवस्था, प्रिवेंटिव क्योर पर फोकस*
*-मेडिकल शिक्षा, जनकल्याण और विकास में मध्यप्रदेश बना देश का नेतृत्वकर्ता*
*-जगत प्रकाश नड्डा जी*
*-धार में पीपीपी मोड पर आकार लेगा देश का पहला मेडिकल कॉलेज*
*-जनजातीय अंचलों से शुरू हो रही स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति*
*-अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा हमारा संकल्प*
*-डॉ. मोहन यादव*
*-जनजातीय अंचलों में स्वास्थ्य और रोजगार की नई इबारत लिखेगा धार मेडिकल कॉलेज*
*- हेमंत खण्डेलवाल*
धार/भोपाल से राधावल्लभ शारदा द्वारा संपादित रपट
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को धार के पीजी कॉलेज मैदान में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास कर जनसभा को संबोधित किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि धार में मेडिकल कॉलेज का भूमि-पूजन देश के लिए ऐतिहासिक अवसर है। मध्यप्रदेश ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश को एक नेतृत्व दिया है। राज्य में नवाचारी सोच और जन सहभागिता के साथ देश में पीपीपी मोड के आधार पर पहला मेडिकल कॉलेज शुरू किया जा रहा है। मध्यप्रदेश ने इस मामले में देश का नेतृत्व किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृ्त्व में देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मध्यप्रदेश आज एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल कर रहा है। प्रदेश के दो जनजातीय बाहुल्य जिलों में आज मेडिकल कॉलेजों का भूमि पूजन हो रहा है। प्रदेश के अंतिम पंक्ति में बैठे अंतिम व्यक्ति तक सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगतप्रकाश नड्डा जी का प्रदेशवासियों की ओर से विशेष आभार व्यक्त करता हूं। यह पीपीपी मोड (जन-निजी भागीदारी) पर बनने वाला देश का पहला मेडिकल कॉलेज होगा। इस पहल की शुरुआत मध्यप्रदेश की धरती से हो रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन जनजातीय क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक है। मेडिकल कॉलेज की यह परियोजना न केवल बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा के नए अवसर भी सृजित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव तथा केन्द्रीय मंत्री श्री नड्डा जी ने रिमोट का बटन दबाकर मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास और धार जिले के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया।
*पीपीपी मॉडल और प्रिवेंटिव हेल्थ के साथ प्रदेश ने देश को दिया नया स्वास्थ्य नेतृत्व-श्री जगत प्रकाश नड्डा जी*
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने कहा कि धार में मेडिकल कॉलेज का भूमि-पूजन देश के लिए ऐतिहासिक अवसर है। मध्यप्रदेश ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश को एक नेतृत्व दिया है। राज्य में नवाचारी सोच और जन सहभागिता के साथ देश में पीपीपी मोड के आधार पर पहला मेडिकल कॉलेज शुरू किया जा रहा है। मध्यप्रदेश ने इस मामले में देश का नेतृत्व किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृ्त्व में देश की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। अब देश में क्यूरेटिव से पहले प्रिवेंटिव क्योर पर जोर दिया जा रहा है, यानी बीमारी से पहले रोकथाम और जीवनशैली में बदलाव पर ध्यान दिया जा रहा है। होलिस्टिक मेडिसिन के लिए देश में 1 लाख 81 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर कदम बढ़ा रहा है।
*मेडिकल कॉलेजों और एमबीबीएस सीटों में ऐतिहासिक वृद्धि, 2030 तक 75 हजार नई सीटों का लक्ष्य*
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी ने कहा कि देश में 2014 में 387 मेडिकल कॉलेज और 51 हजार एमबीबीएस सीटें थीं, आज 819 मेडिकल कॉलेज और एमबीबीएस के लिए 1 लाख 29 हजार सीटें हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 2030 से पहले 75 हजार सीटें बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। मध्यप्रदेश में अगले महीने कटनी और पन्ना मेडिकल कॉलेज का भी भूमि-पूजन किया जाएगा। केन्द्रीय मंत्री श्री नड्डा ने विवेकानंद नॉलेज फाउंडेशन की पदाधिकारी को पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आरंभ करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार फाउंडेशन की इस नवाचारी पहल के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि धार में मेडिकल कॉलेज खुलने से गांव-गांव में डॉक्टर पहुंचेंगे। यहां से निकलने वाले पीजी डॉक्टर भी मध्यप्रदेश की सेवा में लग जाएंगे। हम सत्ता को भोगने के लिए नहीं, सेवा करने के लिए आए हैं। केन्द्रीय मंत्री श्री नड्डा ने कहा कि पीएम मित्र पार्क के माध्यम से धार के कपास उत्पादकों को सौगात मिली है। एयर एंबुलेंस की सुविधा देश में सबसे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश में शुरू की है। राज्य में संवेदनशील सरकार है, मुश्किल समय में लोगों को शव वाहन उपलब्ध कराएं जा रहे हैं।
*मध्यप्रदेश में पीपीपी मॉडल से और मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं- डॉ. मोहन यादव*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पीपीपी मॉडल में समाज और सरकार मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण कर, हर व्यक्ति तक बेहतर इलाज पहुंचाने की दिशा में कार्य करेंगे। सेवा और विकास हमारी सरकार का मूल मंत्र है, विगत दो वर्ष जनकल्याण और विकास की दृष्टि से अद्वितीय रहे हैं। मध्यप्रदेश देश का एकमात्र राज्य है, जिसके दो बड़े शहरों- भोपाल और इंदौर में सालभर के अंदर मेट्रो ट्रेन का शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही प्रदेश में हवाई सेवाओं का भी विस्तार हो रहा है। अब रीवा से इंदौर और नई दिल्ली के लिए हवाई सेवा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष अगस्त माह में पीपीपी मॉडल पर बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में चार नए चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित करने के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर हुए थे। आज धार और बैतूल का शिलान्यास हो रहा है। शीघ्र ही कटनी और पन्ना में भी मेडिकल कॉलेजों का शिलान्यास किया जाएगा। इन जिलों के बाद भिण्ड, मुरैना, खरगोन, अशोकनगर, गुना, बालाघाट, टीकमगढ़, सीधी और शाजापुर में भी इसी तरह मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की तैयारी है। धार जिले में 260 करोड़ रूपए की लागत से 25 एकड़ भूमि पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इस मेडिकल कॉलेज के लिए स्वामी विवेकानंद शिक्षा धाम फाउंडेशन ने सरकार के साथ हाथ मिलाया है। फाउंडेशन को 25 एकड़ जमीन 1 रूपए की लीज पर देकर राज्य सरकार ने स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने का रास्ता खोला है। अब धार के लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय जनजातीय बच्चों को डॉक्टर बनने का अवसर भी मिलेगा। यहां नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के कोर्स भी संचालित किए जाएंगे।
*मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक विस्तार, आदिवासी अंचलों तक पहुंची सुविधाएं*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य में वर्ष 2002-03 तक मात्र 5 मेडिकल कॉलेज थे। अब प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 33 हो चुकी है। राज्य में पिछले दो सालों में 6 शासकीय मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए। इनमें आदिवासी अंचल सिंगरौली और श्योपुर के मेडिकल कॉलेज भी शामिल हैं। राज्य सरकार ने सीनियर रेजिडेंट्स डॉक्टरों के 354 पदों को स्वीकृति दी है। प्रदेश में सिकल सेल एनीमिया अभियान को आगे बढ़ाते हुए 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। धार में 15 लाख से अधिक लोगों की सिकल सेल कार्यक्रम के तहत जांच की गई। प्रदेश के टीकमगढ़, नीमच, सिंगरौली, श्योपुर, डिंडौरी के अस्पतालों में 800 बेड का उन्नयन और डॉक्टरों के 810 नए पदों की स्वीकृति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि धार को ऋषि दाधीच और मां नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त है। यह जनसंघ के आदिपुरुष एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुशाभाऊ ठाकरे की जन्मस्थली भी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में धार जिले को पिछले 4 महीने में अनेक विकास कार्यों की सौगात मिली हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने 75वें जन्मदिवस पर धार में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का भूमिपूजन किया। टेक्सटाइल आधारित इस इंडस्ट्रियल पार्क के माध्यम से क्षेत्र के कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और 3 लाख के अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
*626 करोड़ के 93 विकास कार्यों की सौगात से धार को मिला विकास का नया आयाम*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा दूरस्थ क्षेत्रों के लिए वरदान बनी है। अब आयुष्मान कार्ड के माध्यम से जरूरतमंदों को निःशुल्क इलाज और एयर एम्बुलेंस की सुविधा मिल रही है। परिजन के मृत्यु के बाद परिवारों की सुविधा के लिए प्रदेश के सभी जिला और सिविल अस्पतालों में शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। राज्य सरकार ने सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए राहवीर योजना की शुरुआत की है। यह राज्य सरकार का मानवीय संवेदनाओं वाला पक्ष है। घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरों को राज्य सरकार प्रोत्साहन स्वरूप 25 हजार की राशि प्रदान कर रही है। साथ ही प्रदेश में अंगदान को प्रोत्साहन देने के लिए देह दानियों और उनके परिवारों को गार्ड ऑफ ऑनर देने की परंपरा शुरू की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज धार जिले को 626 करोड़ रूपए की लागत के कुल 93 विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। इसके अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय, छात्रावासों, गर्ल्स स्टेडियम, विभिन्न सड़कों, विधि महाविद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आदि का लोकार्पण शामिल है। धार में 15 करोड़ की लागत से बनने वाले गीता भवन का भूमिपूजन हो रहा है। धार-मनावर-गंधवानी और कुक्षी में 104 करोड़ रूपए की लागत से कुल 26 बालक-बालिका छात्रावासों का भूमिपूजन भी हुआ। धार जिला विकास की राह पर निरंतर अग्रसर है। इंदौर-मनमाड़ रेलवे लाइन परियोजना के लिए 18 हजार 36 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। धार के सभी गांवों तक माँ नर्मदा के जल से सिंचाई की सुविधा पहुंचाने के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। इन गतिविधियों से निश्चित ही धार के विकास को पंख लगेंगे।
*कांग्रेस ने दशकों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपेक्षा की- श्री हेमंत खण्डेलवाल*
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि धार को पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलना प्रदेश के विकास में एक मील का पत्थर है। वर्तमान में 300 बिस्तरों वाला अस्पताल भविष्य में 600 बिस्तरों का आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र बनेगा। इससे जनजातीय एवं ग्रामीण अंचल के गरीब और वंचित वर्ग को जिले में ही उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने न गांवों की चिंता की, न जिलों में स्वास्थ्य ढांचा खड़ा किया। दशकों तक जनजातीय क्षेत्रों को विकास से वंचित रखा गया। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं के निरंतर विस्तार पर ध्यान दिया, जिसका परिणाम आज मेडिकल कॉलेजों के रूप में सामने है। मेडिकल कॉलेज खुलने के बाद यह क्षेत्र इलाज, शिक्षा और रोजगार-तीनों दृष्टियों से आत्मनिर्भर बनेगा। भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति भी सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण इलाज प्राप्त कर सके।
जनसभा को मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मंच पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी, केंद्रीय मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, मंत्री श्री राकेश शुक्ल, श्री नागर सिंह चौहान, वरिष्ठ नेता श्री विक्रम वर्मा तथा विधायक श्रीमती नीना वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About Mahadand News

Check Also

*”सत्य बोलने का सबसे बड़ा फायदा ये होता है!”*

*”सत्य बोलने का सबसे बड़ा फायदा ये होता है!”* *”मस्तिष्क को ‘याद’ नही रखना पड़ता …