भाजपा ने दतिया से आशुतोष तिवारी को बनाया उम्मीदवार
भोपाल/दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आशुतोष तिवारी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पार्टी के इस फैसले के साथ ही पूर्व गृह मंत्री एवं दतिया से कई बार विधायक रहे डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने से प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
उपचुनाव की घोषणा के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार दतिया क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया था और नामांकन पत्र खरीद लिया था, जिससे उनके भाजपा प्रत्याशी बनने की प्रबल संभावना मानी जा रही थी। हालांकि, पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने अंतिम निर्णय लेते हुए आशुतोष तिवारी के नाम पर मुहर लगा दी।
आशुतोष तिवारी लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय रहे हैं। वे पूर्व में भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री तथा मध्य प्रदेश आवास एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) का दायित्व भी निभा चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्रीय सक्रियता को देखते हुए भाजपा ने उन पर भरोसा जताया है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार दतिया उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया जारी है और सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद अब दतिया का चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक होने की संभावना है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने का चुनावी समीकरणों पर क्या प्रभाव पड़ता।
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com