- * labour सलाहकार परिषद में पत्रकार प्रतिनिधित्व—अब पत्रकारों की आवाज़ सिर्फ खबर नहीं, नीति तक पहुंचेगी*
भोपाल। मध्यप्रदेश श्रम सलाहकार परिषद की नई संरचना में पत्रकारिता क्षेत्र से वरिष्ठ पत्रकार श्री राधावल्लभ शारदा जो कि असेंबली आफ एमपी जर्नलिस्ट्स के प्रांतीय अध्यक्ष हैं का शामिल होना केवल एक नाम भर नहीं है, बल्कि पत्रकार समुदाय के लिए एक ऐसा अवसर है जहां उनकी समस्याएं अब सिर्फ लिखी नहीं जाएंगी, बल्कि सुनी भी जाएंगी।
यह वह मंच है जहां श्रम, उद्योग और नीति से जुड़े फैसलों की दिशा तय होती है। ऐसे में पत्रकारों का प्रतिनिधित्व यह संकेत देता है कि अब पत्रकार सिर्फ घटनाओं के दर्शक नहीं रहेंगे, बल्कि उन परिस्थितियों पर भी अपनी सीधी भूमिका रख सकेंगे जिनमें वे स्वयं काम करते हैं।
लंबे समय से पत्रकार समुदाय वेतन, कार्य-सुरक्षा, मानदेय और सम्मानजनक परिस्थितियों की मांग उठाता रहा है। अब इस स्तर पर प्रतिनिधित्व होने के बाद यह उम्मीद और मजबूत होती है कि पत्रकारों की वास्तविक समस्याएं केवल चर्चा तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि नीति के एजेंडे में जगह बनाएंगी।
यह भी समझने वाली बात है कि श्रम और मीडिया दोनों ही समाज की रीढ़ हैं—एक कामगार की आवाज उठाता है और दूसरा उसे समाज तक पहुंचाता है। ऐसे में जब पत्रकारिता स्वयं नीति-निर्माण से जुड़ती है, तो यह बदलाव सिर्फ प्रतिनिधित्व नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी बन जाता है।
अब जरूरत इस बात की है कि इस अवसर को व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामूहिक हित में उपयोग किया जाए, ताकि पत्रकारों की कार्यस्थितियों में वास्तविक सुधार की दिशा बन सके।
ग्वालियर से मनोज वर्मा की कलम से।
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com