*बीएमएचआरसी कर्मचारियों ने ली स्वच्छता की शपथ, 15 दिवसीय स्वच्छता पखवाड़ा शुरू*
भोपाल से राधावल्लभ शारदा द्वारा संपादित रपट
भोपाल। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार भोपाल मेमोरियल अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी), भोपाल में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य संस्थान परिसर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखना तथा कर्मचारियों और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत बुधवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ राजीव बहल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बीएमएचआरसी सहित आईसीएमआर के सभी अधीनस्थ संस्थानों के कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ मनीषा श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं। डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान संस्थान में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। साथ ही, ई-वेस्ट के सुरक्षित निपटान के लिए ई-वेस्ट प्रबंधन समिति गठित की गई है, जो विभिन्न विभागों से अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पहचान कर उनका सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करेगी।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि संस्थान परिसर को पॉलीथीन मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा तथा कर्मचारियों, मरीजों एवं आगंतुकों को पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति सहभागिता बढ़ाने के लिए अंतर-विभागीय स्वच्छता एवं स्वच्छता संबंधी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर विशेषज्ञ व्याख्यान, संस्थान परिसर एवं आवासीय क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान तथा नर्सिंग छात्रों द्वारा सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण, हाइजीन किट वितरण एवं योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी के सहयोग से ही स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
यदि आप कई सालों से पेट की बीमारी से पीड़ित हैं तो गैस्ट्रो विशेषज्ञ डॉ पियुष मनोरिया, मनोरिया हास्पिटल कोलार रोड, भोपाल से एक बार सम्पर्क अवश्य करें।
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com