*उप चुनाव के परिणामों ने फिर साबित किया एमपी के मन में मोदी*
*भाजपा की बूथ शक्ति के समक्ष कांग्रेस पुनः धराशायी*
*डबल इंजन की सरकार पर जनता ने फिर जताया विश्वास विष्णुदत्त शर्मा*
भोपाल, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में नगर पालिक निगम, नगर पालिका परिषद और नगर परिषद के 22 वार्डों में हुए उपचुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली है। 22 वार्डों में भारतीय जनता पार्टी ने 16 वार्डों में प्रचंड जीत हासिल की है, जबकि कांग्रेस को मात्र तीन और तीन निर्दलीय प्रत्याशी उपचुनाव जीत सके हैं। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद नगरीय निकाय उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत ने फिर साबित कर दिया है कि एमपी के मन में मोदी और मोदी के मन में एमपी है। मध्यप्रदेश की जनता ने उप चुनाव में डबल इंजन की सरकार पर जो विश्वास जताया है, उससे स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी पर प्रदेश की जनता पूरी तरह से भरोसा जता रही है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने उप चुनाव में मिली प्रचंड जीत को लेकर जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत जनता की भाजपा के प्रति विश्वास के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मध्यप्रदेश की जनता पूरी तरह से नकार चुकी है। 22 वार्डों के उप चुनाव में कांग्रेस मात्र तीन वार्डों में ही जीत दर्ज कर सकी है। चुनाव हारने के बाद कांग्रेस नेता तरह-तरह के आरोप-प्रत्यारोप लगाना शुरू कर देते हैं। लेकिन हकीकत यह है कि मध्यप्रदेश ही नहीं पूरे देश की जनता कांग्रेस पार्टी को नकार रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।