Breaking News

बीएमएचआरसी के स्वास्थ्य केंद्रों में पैथोलॉजी जांच सेवाएं हुईं और बेहतर, अत्याधुनिक मशीनों से हो रही सटीक जांच*

*बीएमएचआरसी के स्वास्थ्य केंद्रों में पैथोलॉजी जांच सेवाएं हुईं और बेहतर, अत्याधुनिक मशीनों से हो रही सटीक जांच*

*भोपाल* । भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) ने अपने स्वास्थ्य केंद्रों (मिनी यूनिट्स) में पैथोलॉजी जांच सेवाओं को और अधिक आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया है। स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों के रक्त एवं अन्य आवश्यक नमूने (सैंपल) की जांच बीएमएचआरसी की मुख्य पैथोलॉजी प्रयोगशाला (मुख्य पैथोलॉजी लैब) में अत्याधुनिक एवं स्वचालित मशीनों पर की जा रही है।
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने बताया कि पहले स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सेमी-ऑटो एनालाइजर मशीनों के माध्यम से कुछ पैथोलॉजी जांचें की जाती थीं। अब सभी नमूनों की जांच बीएमएचआरसी की मुख्य पैथोलॉजी लैब में स्थापित नई तकनीक वाली मशीनों पर की जा रही है। इससे जांच की गुणवत्ता, सटीकता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। साथ ही सभी जांचों की निगरानी अनुभवी पैथोलॉजिस्ट द्वारा की जाती है, जिससे मरीजों को अधिक भरोसेमंद रिपोर्ट उपलब्ध हो रही है।
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के तहत सीबीसी, लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट, लिपिड प्रोफाइल, सीरम प्रोटीन, कैल्शियम सहित अनेक महत्वपूर्ण जांचें आधुनिक उपकरणों पर की जा रही हैं। इसके अलावा थायरॉयड प्रोफाइल, विटामिन-डी और विटामिन-बी12 जैसी जांचें भी अब बेहतर तकनीक के माध्यम से उपलब्ध हैं और मरीजों को जल्दी रिपोर्ट प्राप्त हो रही है।
डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों के नमूने नियमित रूप से एकत्र कर सुरक्षित तरीके से मुख्य पैथोलॉजी लैब भेजे जाते हैं। जांच पूरी होने के बाद निर्धारित समय-सीमा में रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाती है। बीएमएचआरसी भविष्य में इस प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में भी कार्य कर रहा है। जल्द ही ऐसी व्यवस्था शुरू की जाएगी, जिसके तहत स्वास्थ्य केंद्रों में कराई गई जांच की रिपोर्ट मरीजों को मोबाइल एप के माध्यम से भी उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों को अस्पताल आए बिना ही अपनी रिपोर्ट प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी ।
बीएमएचआरसी का उद्देश्य मरीजों को आधुनिक तकनीक, उच्च गुणवत्ता वाली जांच सेवाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी के साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। संस्थान मरीजों को समयबद्ध, सटीक और विश्वसनीय जांच सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

About Mahadand News

Check Also

भाजपा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से जीतू पटवारी के कथित भड़काऊ एवं तथ्यहीन वयानो की शिकायत और  *- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की*

भाजपा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से जीतू पटवारी के कथित भड़काऊ एवं तथ्यहीन वयानो की …