माहेश्वरी समाज भोपाल ने मनाया अपना उत्पत्ति दिवस महेश नवमी पर
महेश नवमी पर माहेश्वरी समाज की भव्य शोभायात्रा, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, वरिष्ठों को दिया सम्मान।
महेश नवमी के पावन पर्व पर भोपाल में माहेश्वरी समाज द्वारा श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। पर्व की शुरुआत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भगवान शिव के रुद्राभिषेक से हुई। इंद्रपुरी स्थित महादेव मंदिर में माहेश्वरी समाज पूर्वांचल, कोहेफिजा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में मध्यांचल तथा अरेरा कॉलोनी स्थित दत्त मंदिर में दक्षिणांचल के तत्वावधान में विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में माहेश्वरी समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इसके पश्चात मयूर पार्क से गुजराती समाज भवन तक भव्य एवं उत्साहपूर्ण शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान शिव के चित्र के झंडे, पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिया। “वृक्ष लगाओ-जीवन बचाओ”, “जल ही जीवन है” और “मां के नाम एक वृक्ष” जैसे संदेशों वाली तख्तियां लेकर समाज जन चल रहे थे।
शोभायात्रा में ऊंट, घोड़े और सुसज्जित बग्गियों पर भगवान शिव-पार्वती, श्रीकृष्ण-राधा, भगवान राम-सीता तथा भारत माता की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों की गूंज, जयकारों, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के बीच निकली यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा स्वागत मंच लगाकर समाज जनों का आत्मीय अभिनंदन किया गया। इतना ही नहीं स्वागत सत्कार में गंदगी न हो का पूरा ध्यान रखा गया, पीने का ठंडा पानी, जो इतनी दूरी चल नहीं सकते उनके लिए ई रिकश भी थे।
महिला, पुरुष, युवा और बच्चों की बड़ी संख्या में सहभागिता ने माहेश्वरी समाज की एकजुटता और संगठन शक्ति का प्रभावशाली परिचय दिया। शोभायात्रा गुजराती समाज भवन पहुंची, जहां समाजजनों का भव्य स्वागत किया गया।
गुजराती समाज भवन में भगवान महेश की पूजा करने एवं पुष्प माला अर्पित करने के लिए समाज के वरिष्ठ जनों आमंत्रित किया गया और उनके द्वारा पूजा अर्चना की गई,
इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिला युवा संगठन द्वारा महेश वंदना, माहेश्वरी महिला संगठन दक्षिणांचल द्वारा नंद उत्सव, मध्यांचल द्वारा कल्याण उत्सव तथा पूर्वांचल द्वारा महारास लीला की मनोहारी प्रस्तुतियां दी गईं। दिव्य एवं भव्य मंचन ने उपस्थित समाज बंधुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन सांस्कृतिक सचिव श्रीमती कृष्णा बजाज ने किया।
इस अवसर पर प्रत्येक परिवार को त्रिशूल एवं वाहन स्टिकर वितरित किए गए। कार्यक्रम के समापन पर समाज जनों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की।
कार्यक्रम में समाज अध्यक्ष विकास मूंदड़ा, सचिव सुरेश लाहोटी, वैद्यराज रमेश माहेश्वरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष त्रिलोक जाजू, संगठन मंत्री सुनील मानधन्या, प्रदेश एवं जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी, महिला संगठन की पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में माहेश्वरी समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महेश नवमी के अवसर पर आयोजित यह भव्य आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।
आज के कार्यक्रम ने समाज को एक संदेश दिया कि यदि एकजुट होकर कार्य करें तो कोई काम असंभव नहीं है।
समाज के लोगों द्वारा दी जा राशि से महिला छात्रावास का निर्माण लगभग पूरा होने वाला है।
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com