Breaking News

भाजपा का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, सशक्त और समृद्ध राष्ट्र बनाना है* *- संगठनात्मक शक्ति के कारण ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी* *- भाजपा समाज के सभी समाज वर्गों को साथ लेकर चलने वाला राजनीतिक दल है*

*- भाजपा का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, सशक्त और समृद्ध राष्ट्र बनाना है*
*- संगठनात्मक शक्ति के कारण ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी*
*- भाजपा समाज के सभी समाज वर्गों को साथ लेकर चलने वाला राजनीतिक दल है*
*- कार्यकर्ता की निष्ठा, समर्पण और कर्मठता ही भाजपा की असली ताकत है*
*- श्री हेमंत खण्डेलवाल*
भोपाल/रायसेन/विदिशा, 07/04/2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को रायसेन एवं विदिशा जिले में आयोजित मंडल प्रशिक्षण वर्ग, जिला पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि बैठक एवं छोटी टोली बैठक को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने रायसेन एवं विदिशा में विभिन्न बैठकों एवं कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल ही नहीं एक ऐसी विचारधारा और मिशन है, जो देश के हर नागरिक की प्रगति और समृद्धि के लिए काम करता है। भाजपा का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, हर समाज वर्ग के उत्थान के लिए काम करना है, ताकि हम एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र बना सकें। हमारी विचारधारा और संगठनात्मक शक्ति के कारण ही आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। यह कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और हमारे सिद्धांतों के प्रति अडिग विश्वास का परिणाम है। हम सब मिलकर एक महान राष्ट्र के निर्माण के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। यही हमारी ताकत है, और यही हमें एक सशक्त राष्ट्र बनाने में मदद करेगा। भाजपा के कार्यकर्ता ही पार्टी का चेहरा होते हैं। आपका आचरण, आपकी निष्ठा और समर्पण ही पार्टी की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि विदिशा का इतिहास अति प्राचीन है। विदिशा शुरू से ही पहले जनसंघ फिर भाजपा का गढ़ रहा है। विदिशा जिले के जनसंघ के नेताओं ने पार्टी के संगठन को खड़ा करने में अहम योगदान दिया है। उनके अथक परिश्रम और संघर्षो से पार्टी आज वटवृक्ष बन सकी है।
*हमारी सफलता का आधार निरंतर प्रशिक्षण और आत्म सुधार है*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि हमारी सफलता केवल एक क्षणिक उपलब्धि नहीं होती, बल्कि यह निरंतर मेहनत और सीखने की प्रक्रिया का परिणाम होती है। हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि हम पहले से ही सफलता के शिखर पर हैं, क्योंकि सफलता एक निरंतर चलने वाली यात्रा है, जो सीखने और आगे बढ़ने से ही संभव हो सकती है। यह जरूरी है कि हम अपनी कार्यशैली में सुधार करते रहें और नई जानकारी, नए दृष्टिकोण और नए कौशल से अपने आप को लगातार सुधार करते रहें। निरंतर प्रशिक्षण केवल ज्ञान वृद्धि के लिए नहीं है, बल्कि यह हमारे कार्यकर्ताओं को पार्टी के मूल्यों, सिद्धांतों, आंतरिक लोकतंत्र और समन्वय की गहरी समझ प्रदान करता है, जो पार्टी को और भी मजबूत और प्रभावी बनाता है। यही कारण है कि भाजपा हमेशा अपनी विचारधारा और कार्यपद्धति के प्रति सशक्त और अडिग रहती है। हम चाहे किसी भी दायित्व पर हों, सभी को कार्यकर्ता भाव के साथ कार्य करना है। सभी कार्यकर्ता समान हैं, सिर्फ दायित्व का अंदर होता है। दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन सभी में कार्यकर्ता भाव बना रहना चाहिए। पार्टी पदाधिकारियों को मंडल और मंडल पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर पहुंचकर संगठन के कार्यों को बुलंदियों तक ले जाना है। प्रशिक्षण वर्ग नवीन कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति बताने के साथ संघर्ष को भी बताने के लिए है कि किस प्रकार के संघर्षों से पार्टी के महापुरूषों ने संगठन को यहां तक पहुंचाया है।
*भाजपा की विचारधारा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी की स्थायी, स्पष्ट और सशक्त विचारधारा ही वह ताकत है जो हमें अन्य राजनीतिक दलों से अलग करती है। यह विचारधारा हमें समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान में सच्चे ढंग से काम करने की प्रेरणा देती है। यही विचारधारा हमें अडिग बनाती है, चाहे चुनाव परिणाम कुछ भी हों। प्रशिक्षण से न केवल व्यक्तिगत क्षमताओं का विकास होता है, बल्कि यह संगठन को भी एकजुट करता है। जब हम एक साथ मिलकर अपने विचारों और सिद्धांतों पर प्रशिक्षण लेते हैं, तो हम अपनी कार्यप्रणाली में और दक्षता हासिल करते है। इससे हम एक मजबूत संगठन के रूप में खड़े होते हैं, जो अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में सक्षम होता है। भाजपा लगातार सत्ता में है, इसका पूरा श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम को जाता है। भाजपा के लिए राजनीति सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम है। पार्टी कार्यकर्ता जनता की सेवा कर रहे हैं, इसलिए हम लगातार सत्ता में पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम जीवनभर सीखने की ललक बनाए रखें, तो सफलता खुद-ब-खुद हमारे पास आएगी। हमारी पार्टी की ताकत यही है कि हमेशा अपने विचारों और कार्यों को सशक्त बनाने के लिए प्रशिक्षण और संवाद करते रहते हैं।
*हमारी विचारधारा में कभी कोई परिवर्तन नहीं आया, 12 तक चलेगा गांव चलो अभियान*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने विदिशा में पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 1952 में जनसंघ के गठन से लेकर आज तक हमारी पार्टी की विचारधारा में कभी कोई परिवर्तन नहीं आया है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण, जम्मू-कश्मीर से धारा-370 के वादे को भाजपा ने पूरा किया है। प्रशिक्षण वर्ग हमारी पार्टी की कार्य पद्धति का हिस्सा है। हमारी कार्य पद्धति में तकनीकों का उपयोग बढ़ गया है, लेकिन विचारधारा से कोई समझौता नहीं किया है। प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, रीति-नीति सिद्धांतों को भी बताया गया, जिसके आधार पर कार्यकर्ता गांव-गांव तक संगठन को और मजबूत बनाने के साथ पार्टी के कार्यों को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। भाजपा ने 6 अप्रैल को अपना स्थापना दिवस प्रदेश भर में हर्ष व उल्लास के साथ मनाया है। मंडल और बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों में झंडा लगाने के साथ कार्यालयों की साज-सज्जा की गई थी। 12 अप्रैल तक गांव चलो अभियान चलाया जाएगा, इसके साथ ही संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को लेकर कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। डॉ. अंबेडकर की जयंती को लेकर 14 अप्रैल को प्रदेश भर में पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
*भाजपा सरकार तय तारीख से पहले शुरू कर रही गेहूं की खरीदी, कांग्रेस भ्रमित कर रही*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करती है। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण प्लास्टिक के बैग बनाने का रॉ मटेरियल समय पर नहीं आ पा रहा। बारदाने की आपूर्ति समय पर नहीं होने के कारण गेहूं की खरीदी का समय परिवर्तित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने 10 अप्रैल से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन समय से पहले अब 9 अप्रैल से ही प्रदेश में गेहूं खरीदी शुरू हो रही है। कांग्रेस के नेताओं को भी मालूम है कि गेहूं खरीदी में कुछ दिन की देरी पश्चिम एशिया युद्ध के बाद उत्पन्न हुई स्थिति के कारण हुई है, लेकिन कांग्रेस नेता किसानों और जनता को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर रायसेन में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुराम चौधरी, प्रदेश मंत्री सुश्री राजो मालवीय, वरिष्ठ नेता श्री रामपाल सिंह, संभाग प्रभारी श्री तेजबहादुर सिंह, जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा, श्री राजेन्द्र अग्रवाल, श्री सुरेन्द्र तिवारी, श्री धर्मेन्द्र चौहान एवं श्री यशवंत मीणा सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विदिशा में संभाग प्रभारी श्री तेज बहादुर सिंह, जिला प्रभारी श्री सीताराम यादव, विदिशा जिला अध्यक्ष श्री महाराज सिंह दांगी, विधायक श्री मुकेश टंडन, श्री हरि सप्रे, श्री हरि सिंह रघुवंशी, श्री सूर्य प्रकाश मीणा, श्री उमाकांत शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री पवन दुबे, प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती मंजरी जैन, श्री कल्पेश सिंह ठाकुर सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(आशीष उषा अग्रवाल)
प्रदेश मीडिया प्रभारी

About Mahadand News

Check Also

बड़ी कार्रवाई – विधायक सबनानी की शिकायत पर भदभदा में अवैध आइसक्रीम फैक्ट्री पर नगर निगम का छापा।*

*बड़ी कार्रवाई – विधायक सबनानी की शिकायत पर भदभदा में अवैध आइसक्रीम फैक्ट्री पर नगर …