*- भगोरिया पर्व को राष्ट्रीय मान्यता और जनजातीय अंचल में कृषि कैबिनेट से किसानों को मिलेगा लाभ*
*- जयपाल सिंह चावड़ा*
भोपाल, से राधावल्लभ शारदा के साथ दीप्ति कौर की रपट
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कैबिनेट द्वारा लिए गए अहम, दूरदर्शी और किसान हितैषी फैसलों का हम स्वागत करते हैं। यह निर्णय प्रदेश के किसानों की आय वृद्धि, कृषि विकास और ग्रामीण समृद्धि की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। मंत्रिपरिषद द्वारा 10,520 करोड़ की कृषि क्रांति से सिंचाई, तिलहन और प्राकृतिक खेती को नई गति मिलेगी। “किसान कल्याण वर्ष” के तहत प्रदेश के किसानों के लिए पांच प्रमुख योजनाओं को स्वीकृति से कृषि क्षेत्र को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में ठोस परिणाम सामने आएंगे। श्री चावड़ा ने कहा कि किसान हितैषी यह निर्णय कृषि उत्पादन में वृद्धि, जल संरक्षण, तिलहन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, खाद्य सुरक्षा और प्राकृतिक खेती के विस्तार को ध्यान में रखकर लिया गया है।
*किसानों की आय वृद्धि की दिशा में ठोस कदम उठाया गया*
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना हेतु 2,010 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे किसानों को आधुनिक संसाधन एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत लगभग 2,400 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसके तहत स्प्रिंकलर और ड्रिप सिस्टम पर अनुदान देकर सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा दिया जाएगा। राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (ऑयल सीड योजना) के लिए 1,793 करोड़ 87 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई, जिससे तिलहन उत्पादन में वृद्धि कर किसानों को बेहतर लाभ दिलाया जाएगा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत 3,285 करोड़ 49 लाख की स्वीकृति से धान, गेहूं, दलहन, मोटा अनाज एवं नगदी फसलों के रकबे और उत्पादकता में वृद्धि के साथ मिट्टी की उर्वरता सुधार को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अलावा नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के लिए 1011 करोड़ 59 लाख की मंजूरी से प्राकृतिक खेती के क्षेत्र का विस्तार, रसायन-मुक्त उत्पादन और लागत में कमी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों को राहत देते हुए उड़द की खरीदी पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने को मंजूरी प्रदान की है। सरसों पर भावांतर योजना लागू करने का निर्णय लिया गया है, जिससे किसानों को उचित मूल्य सुनिश्चित किया जा सके। इस वर्ष प्रदेश में सरसों का उत्पादन लगभग 71 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 28 प्रतिशत अधिक है। खनिज अन्वेषण एवं विकास हेतु भवन निर्माण के लिए 34 करोड़ 2 लाख रूपये की स्वीकृति एवं मध्यप्रदेश प्रशासनिक पुनर्गठन आयोग के प्रावधानों के परिवर्तन की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह वृद्धि प्रदेश के कृषि क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत है और किसानों की आय में बढ़ोतरी में सहायक सिद्ध होगी।
*जनजातीय अंचल को प्राथमिकता से कृषि और संस्कृति दोनों को मजबूती मिलेगी*
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार मालवा अंचल के जनजातीय बहुल जिलों बड़वानी, धार एवं झाबुआ में कृषि कैबिनेट आयोजित करने जा रही है, ताकि क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप निर्णय लेकर किसानों को सीधे लाभ पहुंचाया जा सके। जनजातीय अंचल को प्राथमिकता से कृषि और संस्कृति दोनों को मजबूती मिलेगी। इसके अतिरिक्त, मंत्रिमंडल ने मालवा के पारंपरिक भगौरिया लोकपर्व को राष्ट्रीय स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है, जिससे जनजातीय संस्कृति को व्यापक पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कृषि को लाभकारी एवं आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। यह पहल किसानों की समृद्धि और प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com