*- Public तक पहुंचाएं बीते दो सालों में प्रदेश में हुए विकास कार्या का लेखा-जोखा*
*भोपाल से राधावल्लभ शारदा द्वारा संपादित रपट*
*-दो वर्षों में 8 लाख करोड़ के विकास कार्य होना रोजगार एवं विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि है*
*-डॉ. मोहन यादव*
*-समस्याओं का समाधान और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाना जनप्रतिनिधियों की दोहरी जिम्मेदारी*
*-प्रदेश कार्यालय की तरह विधायक हर सप्ताह जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं से करें संवाद*
*-श्री हेमंत खण्डेलवाल*
*-एसआईआर प्रक्रिया में विधायकों की सक्रियता अनिवार्य*
*-जनता की सेवा ही भाजपा की असली शक्ति*
*-श्री हितानंद जी*
भोपाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोगों को रोजगार से जोड़ना हो या विकास परियोजनाएं प्रदेश सरकार ने बीते दो सालों में अनेक बड़े कदम उठाए हैं। सभी विधायक इन विकास कार्यों का लेखा-जोखा अपने-अपने क्षेत्र की जनता तक पहुंचाएं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाना जनप्रतिनिधियों की दोहरी जिम्मेदारी है। एसआईआर प्रक्रिया में पूर्ण भागीदारी ही संगठन की सफलता की आधारशिला बनेगी। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि जनता की सेवा ही भाजपा की मूल शक्ति है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के दो साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पूरी शिद्दत के साथ करना है। बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, श्री राजेन्द्र शुक्ल मंचासीन रहे। बैठक का संचालन संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया।
*विकास के लिए सुझाव दें, जनता तक जानकारी पहुंचाएं-डॉ. मोहन यादव*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बीते दो सालों में प्रदेश सरकार का जोर हर क्षेत्र में विकास पर रहा है। प्रदेश में निवेश लगातार आ रहा है और बीते दो सालों में 6 लाख लोगों को निजी क्षेत्र की नौकरियों और रोजगार से जोड़ा गया है। स्वास्थ्य विभाग में 42 हजार पदों पर भर्ती की पहल की गई है। हजारों संविदाकर्मियों को नियमित करने के लिए कदम उठाए गए हैं। पुलिस में 22500 पदों पर भर्ती के प्रयास जारी हैं। करीब 10 सालों के बाद पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर भर्ती की जा रही है। बिजली क्षेत्र में 50 हजार लोगों को रोजगार प्रदान किया गया है। अगर विकास कार्यों की बात करें, तो अभी तक 6 लाख करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जा चुका है तथा जल्द ही 2 लाख करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। दो सालों में सरकार 8 लाख करोड़ की विकास परियोजनाओं पर काम करेगी। सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर अब तक सम्पन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी जनता तक पहुंचाएं। इससे सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति जनता का भरोसा और मजबूत होगा तथा आने वाले वर्षों की कार्ययोजना भी स्पष्ट रूप से सामने आ सकेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विकास कार्यों के मद्देनजर आपके क्षेत्र में क्या बेहतर हो सकता है, इस संबंध में सांसद, पूर्व सांसद, विधायकों से विचार-विमर्श कर एक विजन डॉक्यूमेंट तैयार करें।
*सक्रियता और समर्पण के साथ एसआईआर के काम में जुट जाएं*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एसआईआर को लेकर कहा कि आने वाले डेढ़ महीनों का समय हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक विधायक को इस प्रक्रिया में पूर्ण सक्रियता और समर्पण के साथ शामिल होना होगा, क्योंकि आने वाले चुनाव इसी मतदाता सूची के आधार पर होंगे। वन नेशन, वन इलेक्शन की व्यवस्था के अंतर्गत होने वाले चुनाव भी इसी सूची पर आधारित होंगे। उन्होंने कहा कि 2026 में सहकारिता और कृषि मंडी चुनाव को लेकर विचार चल रहा है। इसके बाद 2027 में निकाय और 2028 में विधानसभा के चुनाव होंगे। इस हिसाब से देखें तो 2026 से हर साल लगातार चुनाव होंगे। इसलिए एसआईआर को लेकर बूथ स्तर तक गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्र में समन्वय, संवाद और संगठन की गतिविधियों पर विशेष ध्यान दें, ताकि एसआईआर प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो सके। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सभी जगह एल्डरमेन, जनभागादारी, रोगी कल्याण आदि समितियों की घोषणा जल्द की जानी है। इसलिए सभी जिलों में पार्टी संगठन और वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय बनाकर इस दिशा में आगे बढ़ें।
*एसआईआर प्रक्रिया के अगले डेढ़ माह होंगे अत्यंत निर्णायक- श्री हेमंत खण्डेलवाल*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि विधायकों पर क्षेत्र की समस्याओं का निदान करने के साथ ही सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की दोहरी जिम्मेदारी है। हमें संगठन और सरकार द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों पर खरा उतरना है। आगामी डेढ़ माह एसआईआर प्रक्रिया के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यह अवधि संगठन की मजबूती, जनता के साथ संवाद और आगामी चुनावी रणनीति को आकार देने वाली है, इसलिए प्रत्येक विधायक को अपना अधिकतम समय इसी दिशा में केंद्रित करना चाहिए। एसआईआर की प्रक्रिया में विधायकों की पूर्णतः सक्रिय भागीदारी ही सफलता की कुंजी है। भाजपा की संगठनात्मक संरचना कार्यकर्ता-आधारित है और विधायकों की भूमिका इस समय अत्यधिक महत्वपूर्ण है। इस अवधि में सभी जनप्रतिनिधि मनोयोग से जुटें और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को चुनौती के रूप में लें। सभी विधायक अपने क्षेत्रों में बूथ स्तर तक जाकर संगठन की गतिविधियों का नियमित निरीक्षण करें और कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद बनाए रखें।
*कार्यालय में मंत्रिगणों की बैठक व्यवस्था संगठन और सरकार के बीच संवाद को मजबूत बनाएगी*
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मांग पर मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों की नियमित उपलब्धता प्रतिदिन दोपहर 1 से 3 बजे तक सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह व्यवस्था संगठन और शासन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाएगी तथा कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों के त्वरित समाधान में सहायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। मंत्रीगण तथा विधायकगण पूरे प्रदेश में जाकर बैठकों और क्षेत्रीय कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक हुए विकास कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता को मिले लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दें। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनता को यह बताना है कि सरकार किस प्रकार उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। जैसे मंत्री प्रदेश कार्यालय में नियमित रूप से बैठक कर रहे हैं, उसी प्रकार विधायक भी सप्ताह में एक दिन जिला अध्यक्ष और सांसद के साथ जिला कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं और जनता की समस्याएँ सुनें। इससे कार्यकर्ताओं की हिचक समाप्त होगी और संगठन के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा बल उसका अनुशासन और संगठन की संस्कृति है। हम सभी भाजपा के कार्यकर्ता हैं, इसलिए सदैव व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर संगठन के हित में कार्य करें। यही हमारी सामूहिक सफलता की आधारशिला है।
*सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुचाएं- श्री हितानंद जी*
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी अपने-अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधि हैं और जनता की सेवा ही हमारे संगठन का मूल और सर्वोच्च उद्देश्य है। जब जनप्रतिनिधि संगठन की भावना के अनुरूप कार्य करते हैं, तब पार्टी की ताकत कई गुना बढ़ती है और सेवा का संकल्प धरातल तक प्रभावी रूप से उतरता है। जनता का यह सीधा जुड़ाव न केवल हमारी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने में सहायक होगा, बल्कि समाज के हर वर्ग के बीच विश्वास और आत्मीयता भी बढ़ाएगा। विधायकों की सक्रियता, सतत जनसंपर्क, संगठनात्मक कार्यक्रमों में सहभागिता और जनता के बीच निरंतर उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के 13 दिंसबर को 2 साल पूरे हो रहे हैं। सभी विधायकों को सरकार की दो साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पूरे मनायोग के साथ करना है। इस वर्ष श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्मशताब्दी वर्ष मना रहे है, जिसका समापन 25 दिसंबर को ग्वालियर और रीवा के कार्यक्रमों में केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी की उपस्थिति में होगा। उन्होंने कहा कि 16 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी। उन्होंने बूथ स्तर पर सूची का सावधानीपूर्वक अवलोकन करने और यदि किसी मतदाता का नाम गलत जुड़ा है या किसी का छूटा है तो संबंधित दावे-आपत्तियां सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि मतदाता सूची का सही और पूर्ण शुद्धिकरण हो सके। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने बिहार में भ्रम फैलाने की कोशिश की परन्तु वे सफल नहीं हुए। जानकारी प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने दी
mahadandnews.com mahadandnews | www.mahadandnews.com